खिलाड़ियों को जल्द मिलेगी खेल सेल्फी स्टैंड की सौगातआरोह-2026 ग्रीष्मकालीन खेल शिविर में स्थानीय व्यवसायियों ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह, महेंद्र पारधी ने की घोषणा।

बालाघाट
जिला खेल अधिकारी राहुल बारेसा के मार्गदर्शन में जिलेभर में संचालित आरोह-2026 ग्रीष्मकालीन खेल शिविर के 29वें दिन खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने के लिए स्थानीय व्यवसायियों ने खेल गतिविधियों में सहयोग का हाथ बढ़ाया। शनिवार को मुलना स्टेडियम स्थित कराटे प्रशिक्षण केंद्र में आयोजित विशेष कार्यक्रम में खिलाड़ियों को एक बड़ी सौगात मिलने की घोषणा की गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राइस मिल व्यवसायी महेंद्र पारधी, बिल्डिंग व्यवसायी गणेश बिसेन, जिला एथलेटिक संघ अध्यक्ष नरेश धुवारे तथा आहिल्या कन्हार फिजिकल क्लब के सचिव शैलेंद्र यादव उपस्थित रहे। अतिथियों ने कराटे प्रशिक्षण शिविर में भाग ले रहे बालक-बालिकाओं से परिचय प्राप्त कर उनकी खेल संबंधी आवश्यकताओं और सुविधाओं के बारे में जानकारी ली।
इस अवसर पर कराटे खिलाड़ी त्विशा सोमनकर एवं अविका बघेल ने शानदार कुमीते फाइट का प्रदर्शन कर उपस्थित अतिथियों और दर्शकों को प्रभावित किया। खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन से प्रभावित होकर मुख्य अतिथि महेंद्र पारधी ने मुलना स्टेडियम परिसर में कराटे खिलाड़ियों, युवाओं और आमजन को खेलों के प्रति प्रेरित एवं जागरूक करने के उद्देश्य से एक आकर्षक “खेल सेल्फी स्टैंड” का निर्माण कराने की घोषणा की।
महेंद्र पारधी ने कहा कि खेल सेल्फी स्टैंड एक अभिनव पहल होगी, जिससे खेल गतिविधियों को व्यापक पहचान मिलेगी और युवा खेलों के प्रति अधिक आकर्षित होंगे। उन्होंने आश्वस्त किया कि खिलाड़ियों की इस बहुप्रतीक्षित मांग को शीघ्र पूरा किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि खेल सेल्फी स्टैंड की मांग लंबे समय से खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों द्वारा की जा रही थी। खिलाड़ियों की इस आवश्यकता को देखते हुए महेंद्र पारधी ने सकारात्मक पहल करते हुए इसके शीघ्र निर्माण का भरोसा दिलाया है।
कार्यक्रम का संचालन आकाशवाणी बालाघाट के अजय ठाकुर ने किया, जबकि अंत में जिला कराटे प्रशिक्षक सजिन्द्र कृष्णन ने सभी अतिथियों, खिलाड़ियों एवं उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में खिलाड़ी, प्रशिक्षक एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
                       👇
खिलाड़ियों की लंबे समय से चली आ रही मांग होगी पूरी, खेल गतिविधियों को मिलेगा नया प्रोत्साहन।
                          ✍️

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Copyright (c) 2020 abhaywani All Right Reseved