17 से 21 जून तक बालाघाट में हल्की वर्षा और तेज हवाओं के आसार कृषि विज्ञान केंद्र ने किसानों को मौसम के अनुसार कृषि कार्य करने की दी सलाह।

बालाघाट
भारत मौसम विज्ञान विभाग के क्षेत्रीय कार्यालय भोपाल से प्राप्त पांच दिवसीय मध्यम अवधि मौसम पूर्वानुमान के अनुसार 17 से 21 जून 2026 के दौरान बालाघाट जिले में मौसम परिवर्तनशील रहने की संभावना है। इस अवधि में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में हल्के बादल छाए रह सकते हैं तथा कहीं-कहीं हल्की वर्षा, आंधी-तूफान और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।
जिला कृषि मौसम इकाई एवं कृषि विज्ञान केंद्र बड़गांव द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार आंधी-तूफान के दौरान हवा की गति 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। आगामी पांच दिनों में जिले का अधिकतम तापमान 39.3 से 39.8 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 25 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। सुबह के समय सापेक्षिक आर्द्रता 49 से 50 प्रतिशत तथा दोपहर में 33 से 37 प्रतिशत तक बनी रह सकती है। सामान्य परिस्थितियों में दक्षिण दिशा से 6 से 7 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से हवाएं चलने की संभावना है।
कृषि विज्ञान केंद्र बड़गांव के वैज्ञानिक डॉ. धर्मेन्द्र अगासे ने किसानों को सलाह दी है कि वे मौसम पूर्वानुमान को ध्यान में रखते हुए खरीफ फसलों से संबंधित कृषि कार्यों की योजना बनाएं। धान की बुवाई, बीज उपचार एवं अन्य कृषि गतिविधियां मौसम की अनुकूलता के अनुसार करें। साथ ही आंधी, तेज हवा और बिजली गिरने की संभावना को देखते हुए खेतों में अनावश्यक रूप से न रुकें तथा कृषि उपकरणों और पशुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करें।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Copyright (c) 2020 abhaywani All Right Reseved