अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में आगामी 14 जून 2026 (रविवार) को आयोजित होने वाले देश के सबसे बड़े ऑनलाइन योगाभ्यास कार्यक्रम में जिले की अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला आयुष कार्यालय बालाघाट में सामाजिक संगठनों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक जिला आयुष अधिकारी डॉ. जितेन्द्र कुमार पंद्रे की अध्यक्षता एवं मार्गदर्शन में संपन्न हुई, जिसमें विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की।
बैठक में जिला आयुष अधिकारी डॉ. जितेन्द्र कुमार पंद्रे ने बताया कि आयुष मंत्रालय, भारत सरकार एवं हैबिल्ड हेल्थटेक प्राइवेट लिमिटेड के संयुक्त तत्वावधान में 14 जून को प्रातः 6:15 बजे से 7:35 बजे तक विशेष ऑनलाइन योगाभ्यास सत्र आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम का उद्देश्य तकनीक के माध्यम से एक साथ सर्वाधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित कर नया विश्व रिकॉर्ड स्थापित करना है। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए प्रतिभागियों को टोल-फ्री नंबर 1800-315-7008 पर मिस्ड कॉल देकर निःशुल्क पंजीयन कराना होगा।
डॉ. पंद्रे ने उपस्थित सामाजिक संगठनों से कार्यक्रम के व्यापक प्रचार-प्रसार तथा अधिकाधिक लोगों को जोड़ने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि योग स्वस्थ जीवनशैली का आधार है और यह शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक संतुलन एवं आत्मिक शांति प्रदान करता है। इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम “Yoga for Healthy Aging” अर्थात “स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग” निर्धारित की गई है। उन्होंने ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में जनसहभागिता बढ़ाने तथा अधिक से अधिक लोगों का पंजीयन कराने में सहयोग का आह्वान किया।
बैठक के दौरान जिला नोडल अधिकारी डॉ. भूपेंद्र सिंह उईके ने जिले में चल रही तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया कि कलेक्टर श्री मृणाल मीना के निर्देशन में जिले की सभी आयुष संस्थाओं द्वारा व्यापक जनजागरूकता एवं पंजीयन अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत शासकीय एवं निजी शैक्षणिक तथा गैर-शैक्षणिक संस्थानों में नियमित योगाभ्यास सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। इन सत्रों के माध्यम से लोगों को योग के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ 14 जून के ऑनलाइन कार्यक्रम हेतु मौके पर ही पंजीयन भी कराया जा रहा है।
डॉ. दीपाली वाकड़े ने अभियान की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए बताया कि सरदार पटेल आयुर्वेद महाविद्यालय बालाघाट, सतपुड़ा आईटीआई कॉलेज बालाघाट एवं औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) बूढ़ी में व्यापक स्तर पर योग जागरूकता एवं पंजीयन अभियान चलाया गया। इन संस्थानों के विद्यार्थियों एवं स्टाफ को योग के लाभों से अवगत कराते हुए बड़ी संख्या में उनका ऑनलाइन पंजीयन कराया गया है।
बैठक में उपस्थित प्रतिनिधियों ने कार्यक्रम को सफल बनाने तथा जिले से अधिकाधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने का संकल्प लिया। जिला आयुष विभाग द्वारा आगामी दिनों में भी जनजागरूकता, योगाभ्यास एवं पंजीयन अभियान निरंतर जारी रखा जाएगा, ताकि बालाघाट जिला इस ऐतिहासिक विश्व रिकॉर्ड प्रयास में अग्रणी भूमिका निभा सके।
✍🏻
0 टिप्पणियाँ