पेयजल संकट से राहत17 मई को राजीव सागर बांध से बावनथडी नदी में छोड़ा जाएगा पानी।

REPORTER
By -
0
बालाघाट
 जिले में भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते पेयजल संकट के बीच आमजन को राहत देने के लिए प्रशासन ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। राजीव सागर बांध के डाउन स्ट्रीम में स्थित बावनथडी नदी में 17 मई को पानी छोड़ा जाएगा, जिससे नदी किनारे बसे गांवों में पेयजल समस्या का समाधान हो सकेगा।
जल संसाधन सर्वेक्षण संभाग के कार्यपालन यंत्री श्री यू.एस. परते ने जानकारी देते हुए बताया कि 17 मई को प्रातः 11:30 बजे राजीव सागर बांध के मुख्य द्वार (रेडियल गेट) खोलकर बावनथडी नदी में 06 एमसीएम पानी प्रवाहित किया जाएगा। इस निर्णय से नदी तटवर्ती क्षेत्रों में जल उपलब्धता बढ़ेगी और ग्रामीणों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
प्रशासन ने बावनथडी नदी के किनारे बसे ग्रामों के ग्रामीणों एवं किसानों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। लोगों को नदी के तट एवं तल के पास न जाने, मवेशियों को नदी में न ले जाने तथा मोटर पंप एवं अन्य उपयोगी सामग्री नदी किनारे या नदी में न रखने की सलाह दी गई है, ताकि किसी भी प्रकार की जनहानि या नुकसान की स्थिति उत्पन्न न हो।
उल्लेखनीय है कि कटंगी विधानसभा क्षेत्र के विधायक गौरव सिंह पारधी ने क्षेत्र में गहराते पेयजल संकट और भीषण गर्मी को देखते हुए राजीव सागर बांध से बावनथडी नदी में पानी छोड़े जाने की मांग की थी। इस पर कलेक्टर मृणाल मीना ने जल संसाधन सर्वेक्षण संभाग के अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
प्रशासन के इस निर्णय से बावनथडी नदी के किनारे बसे कई गांवों में पेयजल उपलब्धता बेहतर होने की संभावना है। स्थानीय लोगों ने भी इस कदम का स्वागत करते हुए इसे गर्मी के मौसम में राहत पहुंचाने वाला निर्णय बताया है।
                         ✍️
Tags:

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

3/related/default