बूढ़ी गांव में अवैध मुरूम खनन पर बड़ी कार्रवाई-जेसीबी मशीन जप्त । बिना अनुमति चल रहा था खनन, संयुक्त टीम की दबिश—मध्यप्रदेश खनिज नियम 2022 के तहत होगी सख्त कार्रवाई I

बालाघाट
जिले में अवैध खनन के खिलाफ प्रशासन की सख्ती लगातार जारी है। इसी कड़ी में 28 अप्रैल 2026 को तहसील बालाघाट अंतर्गत ग्राम बूढ़ी में मुरूम के अवैध खनन की शिकायत पर प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक जेसीबी मशीन जब्त की है।
अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) के निर्देश पर नायब तहसीलदार बालाघाट एवं खनिज निरीक्षक की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि जेसीबी मशीन से मुरूम का खनन कर ट्रैक्टर-ट्रॉली के माध्यम से सड़क पर डाला जा रहा था।
मौके पर मौजूद जेसीबी ऑपरेटर भैयालाल पिता मुन्नालाल खुडासाम, निवासी कटेगांव से खनन की वैध अनुमति मांगी गई, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। प्रारंभिक जांच में मामला अवैध खनन का पाए जाने पर जेसीबी मशीन को जब्त कर कलेक्टर कार्यालय स्थित खनिज शाखा परिसर में खड़ा कराया गया है।
प्रशासन द्वारा बताया गया कि इस प्रकरण में मध्यप्रदेश खनिज (अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण का निवारण) नियम, 2022 के तहत आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही जिले में अवैध खनन के विरुद्ध इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Copyright (c) 2020 abhaywani All Right Reseved