👉 2 साल की जद्दोजहद खत्म - रेलवे क्रॉसिंग की भूमिगत केबल बदली, 1200 उपभोक्ताओं को बड़ी राहत लगातार शिकायतों और जनसुनवाई के बाद मिली अनुमति, 9 स्थानों की खराब केबल बदली—अब बिजली आपूर्ति हुई सुचारू।

वारासिवनी / बालाघाट
वारासिवनी पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के वारासिवनी संभाग अंतर्गत लंबे समय से बाधित हो रही विद्युत आपूर्ति की समस्या का समाधान आखिरकार हो गया है। भूमिगत रेलवे क्रॉसिंग की क्षतिग्रस्त केबल को बदलने का कार्य 28 अप्रैल 2026 को सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया गया, जिससे क्षेत्र के लगभग 1200 उपभोक्ताओं को राहत मिली है।
बताया गया कि रेलवे क्रॉसिंग के नीचे से गुजर रही केबल के खराब होने के कारण उपभोक्ताओं को बार-बार बिजली बाधित होने की समस्या झेलनी पड़ रही थी। विभाग को लगातार शिकायतें मिल रही थीं। निरीक्षण के दौरान कुल 9 स्थानों पर केबल खराब पाई गई थी, जिससे समस्या गंभीर हो गई थी।
उपभोक्ताओं की परेशानी को देखते हुए विभाग ने कार्य योजना तैयार कर प्रस्ताव स्वीकृत कराया। रेलवे से अनुमति प्राप्त करने के लिए नागपुर स्तर पर लगातार पत्राचार किया गया। वहीं, 2 सितंबर 2025 को ग्राम बुदबुदा में आयोजित जनसुनवाई में भी ग्रामीणों ने इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया था। जिस पर कलेक्टर श्री मृणाल मीना द्वारा रेलवे नागपुर को अनुमति हेतु पत्र प्रेषित किया गया।
करीब दो वर्षों के सतत प्रयासों के बाद रेलवे की अनुमति मिलने पर केबल बदलने का कार्य शुरू किया गया और अब इसे पूर्ण कर लिया गया है।
कार्यपालन अभियंता वारासिवनी के अनुसार, संभाग में कुल 9 प्रस्तावित कार्यों में से 4 कार्य स्वीकृत हुए थे। इनमें से 3 कार्य पूर्ण हो चुके हैं, जबकि 1 कार्य प्रगति पर है, जिसे शीघ्र पूर्ण किया जाएगा।
इस कार्य के सफल निष्पादन पर विभाग ने कलेक्टर बालाघाट एवं अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) वारासिवनी के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया है। वहीं, क्षेत्रीय उपभोक्ताओं ने भी विद्युत व्यवस्था में सुधार पर संतोष जताते हुए विभाग के प्रति आभार प्रकट किया है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Copyright (c) 2020 abhaywani All Right Reseved