विकासखंड के अंतिम सीमावर्ती ग्राम अमेडा में ‘जल गंगा संवर्धन अभियान’ के अंतर्गत ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति द्वारा वृक्ष पूजन एवं पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों एवं बच्चों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
कार्यक्रम में गांव के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए वृक्षों की पूजा-अर्चना की। इस पहल के माध्यम से बच्चों में प्रकृति के प्रति सम्मान और संरक्षण का संस्कार विकसित करने का प्रयास किया गया।
इस अवसर पर गणेश लिल्हारे ने जल गंगा संवर्धन अभियान के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए जल के महत्व एवं वृक्षों की पर्यावरण में भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने उपस्थित ग्रामीणों से जल स्रोतों एवं वृक्षों के संरक्षण के लिए निस्वार्थ भाव से कार्य करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में ग्राम विकास समिति के अध्यक्ष श्री सुभाष बसेना, श्री ललित मस्करे, श्रीमती सुषमा लिल्हारे, श्रीमती कलाबाई नगपुरे, श्री नागदेव कोरे, श्री राजकुमार मस्करे सहित अन्य गणमान्य नागरिक एवं मातृशक्ति की सक्रिय उपस्थिति रही। कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का सराहनीय प्रयास किया गया।
