गांव के बेटे का CISF में चयन, ट्रेनिंग के लिए दी गई भावभीनी विदाई।

बालाघाट
बालाघाट मुख्यालय के समीप स्थित ग्राम कुम्हारी के होनहार युवक सत्य विजय माहूले का चयन केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) में हुआ है। चयन के पश्चात उनकी एक वर्ष की ट्रेनिंग राजस्थान के अलवर जिले के बहरोड़ में होगी। ट्रेनिंग के लिए रवाना होने से पूर्व शुक्रवार 7 फरवरी को परिजनों, ग्रामीणों एवं रिश्तेदारों ने उन्हें भावभीनी विदाई दी।
कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कुम्हारी निवासी सत्य विजय माहूले की यह सफलता आसान नहीं रही। उन्होंने CISF की परीक्षा चार बार दी। कभी हाइट तो कभी अन्य कारणों से असफलता मिली, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी। लगातार प्रयास करते हुए चौथी बार में उन्होंने सफलता हासिल की और CISF पद के लिए चयनित हुए।
सत्य विजय माहूले के परिवार में पिता कारण माहूले, माता भागवंती माहूले, दादी स्वरूपा बाई माहूले एवं बड़े भाई दुर्गेश माहूले हैं। सत्य विजय ने बताया कि उनके साथ ग्राम कुम्हारी के तीन अन्य युवाओं का भी चयन हुआ है, जो ट्रेनिंग के लिए जा रहे हैं।
उन्होंने गांव के युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि किसी भी क्षेत्र में असफलता से घबराना नहीं चाहिए, बल्कि निरंतर प्रयास करते रहना चाहिए। CISF में जाने की इच्छा उनके मन में प्रारंभ से ही थी और इसी जज्बे ने उन्हें सफलता तक पहुंचाया।
इस अवसर पर माता भागवंती माहूले ने भावुक होते हुए कहा कि उन्हें बेटे के चयन पर गर्व है, क्योंकि वह अब देश सेवा करेगा। विदाई समारोह में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे और सभी ने सत्य विजय के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.