अवैध रेत परिवहन के विरुद्ध संयुक्त कार्रवाई-आयशर ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त, थाना रामपायली की अभिरक्षा में खड़ा किया गया।

बालाघाट
जिले में अवैध खनन एवं खनिज परिवहन पर नियंत्रण हेतु प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत एक महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए तहसील खैरलांजी के ग्राम साकड़ी क्षेत्र में अवैध रूप से खनिज रेत का परिवहन करते एक आयशर ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त किया गया। यह कार्रवाई नायब तहसीलदार खैरलांजी एवं जिला बालाघाट के खनि निरीक्षक द्वारा संयुक्त रूप से की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजस्व एवं खनिज विभाग की टीम द्वारा क्षेत्र में नियमित निरीक्षण एवं जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक आयशर ट्रैक्टर-ट्रॉली संदिग्ध स्थिति में रेत का परिवहन करते हुए पाई गई। टीम ने वाहन को रोककर जांच की, जिसमें वाहन क्रमांक MP-50-A-05488 दर्ज पाया गया।
उप संचालक खनिज सुश्री फरहत जहां ने जानकारी देते हुए बताया कि मौके पर उपस्थित चालक रविन्द्र सहारे, निवासी डोंगरमली से खनिज रेत के परिवहन संबंधी वैध दस्तावेज, रॉयल्टी पर्ची एवं अन्य आवश्यक अभिलेखों की मांग की गई। तथापि, चालक द्वारा कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया जा सका।
प्राथमिक जांच में यह स्पष्ट होने पर कि वाहन द्वारा खनिज रेत का परिवहन बिना वैध रॉयल्टी एवं अनुमति के किया जा रहा था, संबंधित वाहन को नियमानुसार विधि अनुसार जब्त किया गया। तत्पश्चात वाहन को थाना रामपायली की अभिरक्षा में खड़ा कराया गया है।
खनिज विभाग के अधिकारियों ने बताया कि प्रकरण में मध्यप्रदेश (अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण का निवारण) नियम, 2022 के अंतर्गत विधिसम्मत अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की जाएगी। नियमों के अनुसार दोषी पाए जाने पर जुर्माना एवं अन्य दंडात्मक कार्रवाई का प्रावधान है।
प्रशासन ने इस कार्रवाई को जिले में चल रही सतत निगरानी एवं सख्त प्रवर्तन नीति का हिस्सा बताते हुए स्पष्ट किया है कि अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण जैसी गतिविधियों पर पूर्णतः अंकुश लगाने के लिए अभियान निरंतर जारी रहेगा। संबंधित विभागों की संयुक्त टीमें नियमित रूप से निरीक्षण कर रही हैं, तथा नियमों के उल्लंघन पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
प्रशासन ने नागरिकों एवं वाहन संचालकों से अपील की है कि खनिजों के उत्खनन एवं परिवहन के संबंध में निर्धारित नियमों का पालन करें तथा वैध दस्तावेजों के साथ ही खनिज परिवहन सुनिश्चित करें। अवैध गतिविधियों की सूचना प्रशासन को प्रदान करने हेतु भी आमजन से सहयोग अपेक्षित है।

Tags

إرسال تعليق

0 تعليقات
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.