समर्थन मूल्य 6200 रु. प्रति क्विंटल, 20 मार्च तक पंजीयन — भावांतर योजना में सरसों खरीदी शुरू।

बालाघाट
विपणन वर्ष 2026-27 में किसानों को सरसों का उचित समर्थन मूल्य दिलाने के लिए प्रदेश सरकार ने भावांतर योजना के अंतर्गत सरसों खरीदी का निर्णय लिया है। योजना के तहत किसानों का पंजीयन 26 फरवरी से प्रारंभ हो चुका है, जो 20 मार्च तक जारी रहेगा। जिले में पंजीयन के लिए 23 केंद्र बनाए गए हैं।
उप संचालक कृषि श्री फूलसिंह मालवीय ने बताया कि किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बालाघाट/जरेरा, गुडरू, लामता, बनेरा, धनकोषा/कटेदरा, बडगांव, आरंभा, खैरलांजी, परसवाडा, बघोली/चंदना, उकवा, बैहर, परसामउ, मानेगांव, दमोह, सालेटेकरी, लांजी, ददिया, नेवरगांव, सिहोरा, डोकरबंदी, वारासिवनी एवं डोंगरमाली सहकारी समितियों में पंजीयन केंद्र स्थापित किए गए हैं। किसान इन निर्धारित केंद्रों पर पहुंचकर अपना पंजीयन करा सकते हैं।
शासन द्वारा विपणन वर्ष 2026-27 के लिए सरसों का समर्थन मूल्य 6200 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। 27 फरवरी तक जिले में कुल 36 किसानों ने पंजीयन करा लिया है। इनमें कटंगी तहसील के 13, खैरलांजी के 8, लालबर्रा के 6, वारासिवनी के 4, बालाघाट एवं बिरसा के 2-2 तथा परसवाडा तहसील के 1 किसान शामिल हैं।
कृषि विभाग ने किसानों से समय सीमा के भीतर पंजीयन कराकर योजना का लाभ लेने की अपील की है।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.