उप थाना प्रभारी श्री दीपक गौतम द्वारा संजीवनी-108 के ईएमटी (सहायक चिकित्सक) डॉ. गौरी शंकर पटले एवं पायलट श्री जयेश चौहान को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उनके द्वारा आपातकालीन परिस्थितियों में प्रदर्शित तत्परता, कर्तव्यनिष्ठा एवं मानवता की भावना की सराहना की गई।
उल्लेखनीय है कि हाल ही में हुई एक सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया था। सूचना प्राप्त होते ही संजीवनी 108 आपातकालीन सेवा की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। ईएमटी डॉ. पटले ने प्राथमिक उपचार प्रदान करते हुए घायल की स्थिति को स्थिर किया, वहीं पायलट श्री जयेश चौहान ने सूझबूझ एवं त्वरित कार्रवाई करते हुए एंबुलेंस के माध्यम से घायल को शीघ्र अस्पताल पहुंचाया। समय पर उपचार उपलब्ध होने से घायल की जान बचाई जा सकी।
संजीवनी-108 सेवा द्वारा दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में भी आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावी रूप से प्रदान की जा रही हैं। विशेष रूप से गर्भवती माताओं को सुरक्षित प्रसव हेतु अस्पताल पहुंचाने में यह सेवा सराहनीय योगदान दे रही है।
सम्मान समारोह के दौरान उप थाना प्रभारी श्री दीपक गौतम ने कहा कि आपातकालीन परिस्थितियों में 108 सेवा की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि दुर्घटना अथवा अन्य आपातकालीन स्थिति में तत्काल 108 सेवा को सूचित करें तथा घायलों की सहायता के लिए आगे आएं।
यह सम्मान न केवल संजीवनी-108 टीम के मनोबल को सुदृढ़ करेगा, बल्कि समाज में सेवा, संवेदनशीलता एवं तत्परता की भावना को भी प्रोत्साहित करेगा।
0 टिप्पणियाँ