बैगा महोत्सव को लेकर मलाजखंड, गढ़ी एवं मानेगांव में निकाली गई जनजागरूकता रैली।

REPORTER
By -
0
बालाघाट
बैगा समाज की खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने तथा पारंपरिक एवं लोक खेलों के संरक्षण एवं प्रोत्साहन के उद्देश्य से कलेक्टर श्री मृणाल मीना के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन द्वारा बैगा महोत्सव का आयोजन आगामी 17 एवं 18 जनवरी 2026 को प्रगति मैदान, मलाजखंड में किया जा रहा है।
बैगा महोत्सव के प्रति जनजागरूकता फैलाने एवं अधिक से अधिक बैगा जनजाति के लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 07 जनवरी को मलाजखंड, गढ़ी एवं मानेगांव क्षेत्रों में जनजागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए बैगा महोत्सव का संदेश जन-जन तक पहुँचाया तथा खेल प्रतियोगिताओं में सहभागिता के लिए आमजन को प्रेरित किया।
बैगा महोत्सव के अंतर्गत चयनित टीमों एवं प्रतिभागियों के मध्य नॉकआउट एवं फाइनल मुकाबले 17 एवं 18 जनवरी को प्रगति मैदान, मलाजखंड में आयोजित किए जाएंगे। महोत्सव के दौरान कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, रस्साकशी, तीरंदाजी, गिल्ली-डंडा, त्रिटंगी दौड़, बोरा दौड़, पिट्ठू एवं कंचे जैसी पारंपरिक एवं आधुनिक खेल प्रतियोगिताएँ आयोजित होंगी। यह आयोजन बैगा समाज के खिलाड़ियों के लिए अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने का एक सशक्त मंच सिद्ध होगा।
प्रारंभिक चरण में जोनल टूर्नामेंट 9 एवं 10 जनवरी को आयोजित किए जाएंगे, जिनमें जिले के 44 जोनों में विभिन्न खेल प्रतियोगिताएँ संपन्न होंगी। जो प्रतिभागी किसी कारणवश जोनल स्तर पर भाग नहीं ले पाएंगे, उन्हें 11 जनवरी को आयोजित होने वाली ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिता में सहभागिता का अवसर प्रदान किया जाएगा।
ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए खेल परिसर मैदान बैहर, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बिरसा का खेल मैदान तथा शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परसवाड़ा का खेल मैदान निर्धारित किया गया है। इन चरणों में चयनित टीमों एवं खिलाड़ियों के बीच फाइनल मुकाबले प्रगति मैदान, मलाजखंड में आयोजित होंगे, जहाँ विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा।
जिला प्रशासन ने खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों एवं आम नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता कर बैगा महोत्सव को सफल बनाएं तथा बैगा समाज की खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करें।
Tags:

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

3/related/default