खैरलांजी क्षेत्र में किसान गर्जना संगठन की हुंकार, किसानों की समस्याओं पर प्रशासन से त्वरित समाधान की मांग।

REPORTER
By -
0
बालाघाट / खैरलांजी
जिला अध्यक्ष रामकुमार नागपुरे ने किसानों की मांगों पर शीघ्र कार्रवाई की उठाई जोरदार आवाज ।
 खैरलांजी विकासखंड के ग्राम सालेबर्डी में किसान गर्जना संगठन द्वारा किसानों की विभिन्न ज्वलंत समस्याओं को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में बड़ी संख्या में किसान एवं संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता संगठन के जिला अध्यक्ष रामकुमार नागपुरे ने की।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष रामकुमार नागपुरे ने कहा कि वर्तमान समय में किसान गंभीर आर्थिक संकट से गुजर रहा है। खेती की लागत लगातार बढ़ती जा रही है, जबकि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने न्यूनतम समर्थन मूल्य, समय पर भुगतान, धान खरीदी केंद्रों की अव्यवस्थाएं, तौल में गड़बड़ी, बारदाना की कमी तथा खाद-बीज एवं डीज़ल की बढ़ती कीमतों जैसे मुद्दों पर गहरी चिंता व्यक्त की।
श्री नागपुरे ने कहा कि किसान केवल अपने संवैधानिक अधिकारों और न्यायोचित मांगों को शासन-प्रशासन के समक्ष रखना चाहता है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि किसानों की समस्याओं का समय रहते समाधान नहीं किया गया, तो आने वाले समय में इसका गंभीर प्रभाव कृषि व्यवस्था और ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर पड़ेगा।
उन्होंने प्रशासन से अपील की कि किसानों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए, ताकि किसानों को राहत मिल सके और वे बिना किसी दबाव के अपनी उपज का विक्रय कर सकें। उन्होंने यह भी कहा कि किसान गर्जना संगठन लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीकों से किसानों की आवाज़ को शासन तक पहुँचाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
बैठक के दौरान उपस्थित किसानों ने भी खुलकर अपनी समस्याएं साझा कीं। किसानों ने खरीदी केंद्रों पर अव्यवस्था, भुगतान में देरी, बढ़ती लागत और फसलों के उचित मूल्य नहीं मिलने को लेकर नाराजगी जताई। सभी किसानों ने एकजुट होकर शांतिपूर्ण एवं संगठित आंदोलन के माध्यम से अपनी मांगों को मजबूती से उठाने का संकल्प लिया।
संगठन की ओर से यह संदेश दिया गया कि आगामी दिनों में अधिक से अधिक किसानों को संगठन से जोड़कर संवाद, सहयोग और आंदोलन के माध्यम से समस्याओं के समाधान की दिशा में ठोस प्रयास किए जाएंगे।
इस अवसर पर किसान गर्जना संगठन के पदाधिकारी, ग्राम के वरिष्ठ किसान एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रीय किसान उपस्थित रहे।
         प्रताप गेडाम - जिला क्राइम रिपोर्टर
               अभयवाणी न्यूज
Tags:

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

3/related/default