सागर में बीजेपी की पदयात्रा रद्द: जेपी नड्डा और सीएम मोहन यादव का दौरा स्थगित, नई तारीख जल्द घोषित होगी

REPORTER
By -
0
सागर में बीजेपी पदयात्रा रद्द, जेपी नड्डा और सीएम मोहन यादव का दौरा स्थगित

सागर। मध्यप्रदेश के सागर शहर में 29 नवंबर को होने वाली भारतीय जनता पार्टी की बड़ी पदयात्रा और जनसभा अचानक स्थगित कर दी गई है। यह कार्यक्रम भाजपा के 'लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ' अभियान के तहत आयोजित होना था, जिसमें केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री और पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने वाले थे। उनके साथ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल का भी दौरा तय था, लेकिन कार्यक्रम रद्द होने के साथ ही तीनों नेताओं का सागर आगमन भी फिलहाल टल गया है।

जानकारी के अनुसार पदयात्रा 29 नवंबर को दोपहर 1 बजे सरस्वती मैरिज गार्डन, मोतीनगर से शुरू होनी थी। यह यात्रा बड़ा बाजार, कोतवाली, चकराघाट और तीनबत्ती तिराहा होते हुए नमक मंडी तक जानी थी, जहां विशाल जनसभा का आयोजन तय था। कार्यक्रम को लेकर भाजपा लगभग पूरी तैयारी कर चुकी थी। नमक मंडी में जनसभा के लिए डोम लगाने का काम भी शुरू हो चुका था और शहर भर में पार्टी कार्यकर्ता प्रचार-प्रसार में जुटे हुए थे।

कार्यक्रम के स्थगित होने से जिले की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। भाजपा के जिला मीडिया प्रभारी श्रीकांत जैन ने बताया कि पदयात्रा और जनसभा का कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया है और आने वाले दिनों में इसका आयोजन किया जाएगा। पार्टी की ओर से जल्द ही नई तारीख की घोषणा की जाएगी। हालांकि कार्यक्रम स्थगित होने की वजह का अभी खुलासा नहीं किया गया है।

'लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ' अभियान भाजपा का प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम है, जिसके तहत पार्टी अपने वरिष्ठ नेताओं के साथ अलग-अलग जिलों में पदयात्रा और जनसभाएं कर रही है। सागर में प्रस्तावित जनसभा बुंदेलखंड क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही थी, क्योंकि इसमें पार्टी के राष्ट्रीय स्तर के दिग्गज नेताओं के शामिल होने की उम्मीद थी। कार्यकर्ताओं में भी कार्यक्रम को लेकर काफी उत्साह था।

अब सभी की नजरें पार्टी की ओर से होने वाली नई तारीख की घोषणा पर टिकी हैं। जिला प्रशासन और पुलिस की ओर से की गई सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की तैयारियां भी फिलहाल स्थगित कर दी गई हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)
6 /related/default