
नरसिंहपुर। गन्ने का भाव 600 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग को लेकर किसानों का आंदोलन तेज हो गया है। खबरों के मुताबिक गुरुवार को बड़ी संख्या में किसान एकत्रित होकर राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर पहुंच गए और सड़क पर बैठकर चक्काजाम कर दिया। देखते ही देखते हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया।
प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर किसानों से चर्चा की और यातायात बहाल करने के लिए समझाइश दी, लेकिन किसान अपनी मांगों पर अड़े रहे। मांगों पर तत्काल सहमति नहीं बनने से किसानों ने सड़क से हटने से इनकार कर दिया। स्थिति बिगड़ती देख पांच थानों का पुलिस बल मौके पर बुलाया गया। पुलिस और किसान नेताओं के बीच काफी देर तक बहस और धक्का-मुक्की की स्थिति बनी रही। इसके बाद पुलिस ने हल्का बल प्रयोग करते हुए प्रदर्शनकारियों को सड़क से हटाया। इस दौरान आधा सैकड़ा से अधिक किसान नेताओं को पुलिस वाहनों और बसों में बैठाकर प्रदर्शन स्थल से बाहर ले जाया गया।
हाईवे पर प्रदर्शन के बाद कुछ किसान रेलवे लाइन की ओर बढ़ने लगे, जिन्हें पुलिस प्रशासन ने रोक दिया। वहीं कुछ किसान करेली शुगर मिल बंद कराने के उद्देश्य से आगे बढ़े, लेकिन पुलिस ने टट्टा पुल के पास उन्हें रोककर आगे जाने नहीं दिया। यहां भी पुलिस और किसानों के बीच तनावपूर्ण स्थिति बनी। बाद में पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे किसानों को बसों में बैठाकर थाने पहुंचाया। पूरे घटनाक्रम के दौरान पुलिस प्रशासन ने आंदोलन को नियंत्रित करने और यातायात व्यवस्था बहाल करने का प्रयास किया।
इस आंदोलन के बीच किसानों और प्रशासन के बीच बातचीत के रास्ते भी तलाशे जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार शुक्रवार को भोपाल में कृषि सचिव के साथ किसान संगठनों के प्रतिनिधियों की बैठक प्रस्तावित है। बैठक आयोजित होने पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किसान संगठन के नेता अपनी मांगें और समस्याएं रख सकते हैं, हालांकि बैठक और उसमें होने वाली चर्चा को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।
फिलहाल गन्ने के भाव को लेकर किसानों का आक्रोश थमता नजर नहीं आ रहा है। किसानों का स्पष्ट कहना है कि जब तक गन्ने का भाव 600 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग पर ठोस निर्णय नहीं होता, तब तक उनकी लड़ाई जारी रहेगी। गुरुवार को हुए चक्काजाम, पुलिस कार्रवाई और किसान नेताओं को हिरासत में लिए जाने की घटना ने जिले में गन्ना मूल्य का मुद्दा एक बार फिर गरमा दिया है। अब सभी की नजरें भोपाल में प्रस्तावित बैठक और सरकार के रुख पर टिकी हैं।
