जबलपुर में अब मर्जी से नहीं दौड़ेंगे ई-रिक्शा और ऑटो: रंग से होगी रूट की पहचान, कलेक्टर ने दिए सख्त निर्देश

REPORTER
By -
0
जबलपुर में ई-रिक्शा और ऑटो के लिए रंग आधारित रूट व्यवस्था

जबलपुर। शहर की सड़कों पर बिना रूट और नियम के दौड़ रहे ई-रिक्शा और ई-ऑटो की धमाचौकड़ी पर अब अंकुश लगने वाला है। जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में कलेक्टर ने इनके संचालन की व्यवस्था पूरी तरह बदलने की तैयारी की जानकारी दी है। शहर में इस समय करीब 11 हजार ई-रिक्शा और 13 हजार ई-ऑटो बिना किसी निर्धारित रूट के दौड़ रहे हैं, जिससे यातायात व्यवस्था पर भारी दबाव बढ़ रहा है।

गुरुवार को कलेक्ट्रेट में हुई जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में शहर के बिगड़ते यातायात को सुधारने पर गहन मंथन हुआ। कलेक्टर ने कहा कि अब ई-रिक्शा के सीरियल नंबर, कलर कोडिंग और अलग-अलग श्रेणियों में विभाजन के आधार पर इनका संचालन होगा। सम-विषम नंबर के आधार पर भी इन्हें चलाने की योजना पर विचार किया गया। सबसे खास बात यह है कि अब रिक्शा के रंग से ही यात्रियों को उसके रूट की पहचान हो जाएगी।

कलेक्टर ने अधिकारियों को स्पष्ट कर दिया कि समिति की बैठकों में लिए गए निर्णय केवल कागजों तक सीमित न रहें, बल्कि उनका धरातल पर क्रियान्वयन भी सुनिश्चित किया जाए। बैठक में बरेला, सिवनी रोड और कटनी रोड सहित विभिन्न मार्गों के करीब 17 ब्लैक स्पॉट के निरीक्षण की जानकारी दी गई। इन स्थानों पर दुर्घटनाओं की आशंका कम करने के लिए एमपीआरडीसी और एनएचएआई के अधिकारियों को आवश्यक सुधार कार्य कराने के निर्देश दिए गए।

पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने बेलखेड़ा कस्बे में राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे संचालित दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से पैदा हो रहे यातायात संबंधी खतरों की ओर ध्यान दिलाया। उन्होंने प्रतिष्ठानों का नियमानुसार सीमांकन कर नोटिस जारी करने और जरूरत पड़ने पर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। बैठक में सीसीटीवी कैमरों के जरिए यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर प्रभावी कार्रवाई करने पर भी चर्चा हुई।

कलेक्टर ने शहर के प्रमुख मार्गों पर लेफ्ट टर्न में आने वाली बाधाओं को दूर करने और सड़क किनारे पर्याप्त सोल्डर बनाने के भी निर्देश दिए। नगर निगम आयुक्त और संबंधित अधिकारियों को यातायात से जुड़े विषयों पर अलग से बैठक कर बजट सहित विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया है। बैठक में नगर निगम आयुक्त अग्रिम कुमार, अपर कलेक्टर रविशंकर राय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंजना तिवारी एवं अखिलेश तिवारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)
6 /related/default