सोनेवानी कंजर्वेशन रिजर्व के चिखलाबड़ी जंगल से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। लालबर्रा वन परिक्षेत्र के कल्याणपुर बीट अंतर्गत वन कक्ष क्रमांक 427 भाग-2 में बाघ के हमले से 12 वर्षीय बालक सौरभ मरकाम की दर्दनाक मौत हो गई।
इस घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। जिस जंगल में परिवार रोजी-रोटी के लिए बांस कटाई का काम कर रहा था, वहीं अचानक बाघ के हमले ने परिवार की खुशियां छीन लीं।
👉 बांस कटाई के दौरान खेल रहा था बालक
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम कलेगांव, कुमादेही निवासी सुखचंद मरकाम अपने परिवार के साथ पिछले करीब 15 दिनों से सोनेवानी क्षेत्र के कल्याणपुर बीट में बांस कूप कटाई के कार्य में लगे हुए थे। परिवार के अन्य सदस्य भी मजदूरी के काम में सहयोग कर रहे थे। .शुक्रवार दोपहर भोजन के बाद जब मजदूर अपने-अपने काम में व्यस्त थे, उस समय उनका 12 वर्षीय बेटा सौरभ पास ही खेल रहा था।इसी दौरान अचानक जंगल की झाड़ियों से निकले बाघ ने सौरभ पर हमला कर दिया। बाघ ने बालक की गर्दन अपने जबड़े में दबाई और उसे घसीटते हुए जंगल की ओर ले जाने लगा। अचानक हुए इस हमले से वहां मौजूद मजदूरों में अफरा-तफरी मच गई।
👉 मां की चीख-पुकार सुन दौड़े मजदूर
बेटे पर बाघ का हमला देखकर मां बुद्धुबाई ने जोर-जोर से शोर मचाना शुरू कर दिया। आवाज सुनकर आसपास काम कर रहे अन्य मजदूर भी बच्चे को बचाने के लिए बाघ की ओर दौड़े। लोगों के शोर और हलचल के बाद बाघ बालक को छोड़कर जंगल के भीतर भाग गया।
जानकारी के अनुसार बाघ बालक को लगभग 300 से 500 मीटर तक घसीटकर ले गया था। गंभीर रूप से घायल सौरभ को परिजनों और मजदूरों ने तत्काल अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया। उसे पहले टेकाड़ी बैरियर तक लाया गया और फिर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लालबर्रा पहुंचाया गया। लेकिन गंभीर चोटों के चलते उपचार के दौरान मासूम ने दम तोड़ दिया।
👉 वन विभाग की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
घटना के बाद जंगल में काम करने वाले मजदूरों और उनके परिवारों की सुरक्षा को लेकर वन विभाग की व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। वन्यजीव प्रेमियों ने आरोप लगाया है कि क्षेत्र में बाघ की मौजूदगी की जानकारी होने के बावजूद बांस कटाई में लगे मजदूरों और उनके परिवारों की सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए।वहीं लालबर्रा वन परिक्षेत्र अधिकारी वेदांत मरकाम के अनुसार मजदूरों को बच्चों को कार्यस्थल पर नहीं लाने की हिदायत दी गई थी। विभाग का कहना है कि घटना के समय बीट प्रभारी और सुरक्षा कर्मी भी क्षेत्र में मौजूद थे। विभाग को दोपहर लगभग 3 से 3:15 बजे के बीच घटना की सूचना मिली थी।
👉 पीड़ित परिवार को तत्काल 50 हजार, आठ लाख की अतिरिक्त सहायता
घटना के बाद वन विभाग के अधिकारियों ने पीड़ित परिवार को तत्काल राहत के रूप में 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की है। इसके अतिरिक्त नियमानुसार आठ लाख रुपये की सहायता राशि दिए जाने की जानकारी भी अधिकारियों द्वारा दी गई है।कान्हा-पेंच कॉरिडोर में बाघों की आवाजाही
सोनेवानी कंजर्वेशन रिजर्व का वन क्षेत्र कान्हा राष्ट्रीय उद्यान और पेंच टाइगर रिजर्व के बीच वन्यजीव कॉरिडोर का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इस क्षेत्र में बाघों सहित अन्य वन्यप्राणियों की आवाजाही बनी रहती है। ऐसे संवेदनशील क्षेत्र में बांस कटाई जैसे कार्यों के दौरान मजदूरों की सुरक्षा और उनके परिवारों के लिए विशेष इंतजाम बेहद जरूरी हैं।
👉 बड़ा सवाल 👈
आखिर मजदूर परिवारों की सुरक्षा की जिम्मेदारी किसकी?
एक मासूम की मौत ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जब जंगल में बाघों की मौजूदगी रहती है और वहां लंबे समय तक मजदूरों से काम कराया जाता है, तो उनके परिवारों और बच्चों की सुरक्षा के लिए क्या पर्याप्त व्यवस्था थी?
क्या मजदूरों के लिए सुरक्षित कैंप और निगरानी के इंतजाम किए गए थे?
क्या जंगल में काम शुरू कराने से पहले जोखिम का आकलन किया गया था?
सौरभ की मौत केवल एक परिवार की त्रासदी नहीं, बल्कि वन क्षेत्रों में काम करने वाले मजदूर परिवारों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल है।
अब जरूरत है कि वन विभाग इस घटना से सबक लेते हुए ऐसे संवेदनशील क्षेत्रों में काम करने वाले मजदूरों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाए, ताकि भविष्य में किसी और परिवार को ऐसी असहनीय पीड़ा से न गुजरना पड़े।
👉 अभयवाणी की राय
