रायसेन। जिले में रायसेन-सागर मार्ग पर एक अज्ञात वाहन की टक्कर से तेंदुए की मौत हो गई। खबरों के मुताबिक घटना जिला मुख्यालय से करीब आठ किलोमीटर दूर अमरावत घाटी के पास बृहस्पतिवार शाम हुई।
वन विभाग के अनुसार तेंदुआ अमरावत के जंगल में मृत मिला। उसके सिर पर गंभीर चोट के निशान थे। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। घटनास्थल के आसपास सड़क पर टक्कर के निशान भी मिले। आशंका जताई जा रही है कि तेंदुआ सड़क पार करते समय किसी तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आ गया और हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया।
वनमंडलाधिकारी प्रतिभा शुक्ला के अनुसार घटना वन परिक्षेत्र पूर्व रायसेन की अमरावद बीट के कक्ष क्रमांक आरएफ-381 की वन सीमा से करीब 165 मीटर दूर राजस्व भूमि पर हुई। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम में भी सिर में चोट लगने से मौत होने की पुष्टि हुई है। मृत तेंदुए की उम्र करीब दो से तीन साल बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण (एनटीसीए) और मध्यप्रदेश के मुख्य वन्यजीव अभिरक्षक कार्यालय की ओर से जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार घटनास्थल की घेराबंदी की गई। इसके बाद खोजी कुत्तों के दल की मदद से घटनास्थल और आसपास के इलाके में तलाशी अभियान चलाया गया।
वन विभाग के अनुसार वन्यजीव चिकित्सक डॉ. अमित ओझा और पशु चिकित्सक डॉ. अमर ज्योति टोप्पो ने तेंदुए का पोस्टमार्टम किया, जिसमें शरीर के सभी अंग सुरक्षित पाए गए। निर्धारित प्रक्रिया के तहत वन अधिकारियों की मौजूदगी में मृत तेंदुए का विनष्टीकरण किया गया और पूरी कार्रवाई की तस्वीरें व वीडियो भी तैयार किए गए हैं।
वन विभाग ने इस मामले में वन अपराध का प्रकरण दर्ज किया है। टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन और चालक की पहचान के लिए टीम लगातार तलाश कर रही है और कार्रवाई जारी है।
