रायसेन। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत धान उपार्जन कार्य को सुचारू, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिले के धान उपार्जन केंद्रों पर नियुक्त अधिकारियों और कर्मचारियों को उपार्जन संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देशों और गुणवत्ता मानकों का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
जानकारी के अनुसार मध्यप्रदेश स्टेट सिविल सप्लाईज कॉरपोरेशन लिमिटेड के जिला कार्यालय रायसेन द्वारा जारी आदेश के अनुसार संयुक्त कलेक्टर एवं जिला प्रबंधक राहुल नायक ने संबंधित विभागों को प्रशिक्षण कार्यक्रम के संबंध में निर्देश जारी किए हैं।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम कलेक्टर रोहित सिसोनिया द्वारा 26 नवंबर को आयोजित उपार्जन बैठक में दिए गए निर्देशों के पालन में आयोजित किया जा रहा है। प्रशिक्षण के दौरान धान उपार्जन के लिए निर्धारित आवश्यक गुणवत्ता और मानकों की जानकारी भारतीय खाद्य निगम के गुणवत्ता नियंत्रण अधिकारियों द्वारा दी जाएगी। वहीं उपार्जन से जुड़ी अन्य प्रक्रियाओं, व्यवस्थाओं और कार्यप्रणाली का प्रशिक्षण उपायुक्त सहकारिता तथा जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अधिकारियों द्वारा दिया जाएगा।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला पंचायत, नागरिक आपूर्ति विभाग, सहकारिता विभाग, कृषि विभाग, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक तथा मध्यप्रदेश स्टेट वेयरहाउसिंग एंड लॉजिस्टिक्स कॉरपोरेशन सहित संबंधित विभागों को भी अवगत कराया गया है। उपार्जन कार्य में गठित दल के कृषि, राजस्व, सहकारिता और पंचायत विभाग के सदस्यों को प्रशिक्षण में उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 30 नवंबर 2026 को अपराह्न 3 बजे वन परिसर स्थित सभाकक्ष में प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा। सभी संबंधित अधिकारियों और धान खरीदी से जुड़े समिति प्रबंधक, ऑपरेटर, सर्वेयर और कर्मचारियों को निर्धारित समय पर उपस्थित होकर प्रशिक्षण प्राप्त करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन का उद्देश्य धान उपार्जन कार्य को निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप संपन्न कराना और उपार्जन केंद्रों पर आने वाली संभावित समस्याओं को पहले ही दूर करना है, ताकि किसानों को उपज विक्रय के दौरान किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

