रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित 1,280 करोड़ रुपये से अधिक के शराब घोटाले में वांछित आरोपी विकास अग्रवाल उर्फ सुब्बू को संयुक्त अरब अमीरात (UAE) से प्रत्यर्पित कर भारत लाया गया है। खबरों के मुताबिक शुक्रवार देर रात करीब साढ़े ग्यारह बजे आरोपी को रायपुर की विशेष रिमांड अदालत में पेश किया गया, जहां दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने उसे 30 नवंबर तक आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) की रिमांड पर सौंप दिया।
जानकारी के अनुसार एसीबी कोर्ट में जज की अनुपस्थिति के चलते विकास को रिमांड कोर्ट में पेश किया गया। शराब सिंडिकेट में उसे फंड मैनेजर यानी मनीमैन की भूमिका में बताया गया है। इंटरपोल के रेड कॉर्नर नोटिस पर UAE की एजेंसियों ने उसे गिरफ्तार किया था, इसके बाद सीबीआई ने विदेश मंत्रालय और गृह मंत्रालय के समन्वय से प्रत्यर्पण की प्रक्रिया पूरी कर उसे भारत पहुंचाया। विकास UAE में रहकर बोस्टन नाम की कंपनी में मैनेजर के तौर पर काम कर रहा था।
ACB-EOW ने दावा किया है कि विकास अग्रवाल ने अपने परिचित सर्राफा कारोबारियों और ज्वेलरों के माध्यम से घोटाले की रकम से अनवर ढेबर के लिए सोना और चांदी खरीदवाए। अब तक अनवर ढेबर के लिए 200 किलोग्राम से ज्यादा सोना खरीदे जाने की जानकारी मिली है। रात करीब साढ़े बारह बजे EOW के अधिकारी उसे कोर्ट से लेकर ACB-EOW कार्यालय पहुंचे। सोमवार को उसे फिर कोर्ट में पेश किया जाएगा।
कोर्ट में बचाव पक्ष की ओर से अधिवक्ता शशांक मिश्रा ने भारत और UAE के बीच प्रत्यर्पण संधि और प्रत्यर्पण अधिनियम का हवाला दिया। उनका कहना था कि आरोपी पर उसी अपराध के तहत कार्रवाई और ट्रायल किया जा सकता है, जिसके आधार पर उसे भारत लाया गया है, प्रत्यर्पण के आधार से अलग कोई नया अपराध नहीं जोड़ा जाना चाहिए। बचाव पक्ष ने प्रत्यर्पण प्रक्रिया से जुड़े दस्तावेज पेश करने की मांग की और कहा कि पूछताछ के दौरान आरोपी के मानवाधिकारों का उल्लंघन न हो, इसके लिए एजेंसी के अधिकृत अधिकारी की मौजूदगी सुनिश्चित की जाए। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद कोर्ट ने रिमांड मंजूर कर आरोपी को EOW के हवाले कर दिया।

