रायसेन: धान की नीलामी नहीं होने पर किसानों का चक्काजाम, एसडीएम की समझाइश के बाद खत्म हुआ जाम

REPORTER
By -
0
रायसेन-भोपाल रोड पर धान नीलामी की मांग को लेकर किसानों का चक्काजाम

रायसेन। रायसेन कृषि उपज मंडी में धान की बंपर आवक के बीच शनिवार को नीलामी न होने पर किसानों ने रायसेन-भोपाल रोड पर चक्काजाम कर दिया। खबरों के मुताबिक एसडीएम मनीष शर्मा की समझाइश के बाद किसान हटे और यातायात सामान्य हो सका।

जानकारी के अनुसार मंडी में इन दिनों धान की बंपर आवक हो रही है। अच्छे दाम मिलने के कारण आसपास के इलाकों और दूसरे जिलों से भी किसान अपनी उपज लेकर दशहरा मैदान स्थित मंडी पहुंच रहे हैं। शुक्रवार को करीब एक हजार ट्रॉलियों में धान आया था, लेकिन शाम तक कुछ किसानों की नीलामी नहीं हो सकी थी।

किसानों की मांग थी कि शुक्रवार को नीलामी से रह गए करीब 150 किसानों की धान शनिवार को खरीदी जाए और उसकी नीलामी कराई जाए। किसानों का कहना था कि वे दूर-दराज के इलाकों से उपज लेकर आए हैं और बिना नीलामी के लौटना पड़ रहा है। इसी मांग को लेकर उन्होंने रायसेन-भोपाल रोड पर चक्काजाम कर दिया।

सूचना मिलने पर कोतवाली थाना प्रभारी नरेंद्र गोयल मौके पर पहुंचे और किसानों को समझाया। उन्होंने अपने मोबाइल से सांची महोत्सव में मौजूद एसडीएम मनीष शर्मा से किसानों की बात कराई। एसडीएम ने बताया कि शनिवार को बैंकों की छुट्टी होने के कारण व्यापारी धान खरीदने के बाद भुगतान नहीं कर सकेंगे, क्योंकि व्यापारियों का लेनदेन बैंकों के जरिए होता है, इसलिए छुट्टी के दिन नीलामी कराना संभव नहीं है।

एसडीएम की समझाइश के बाद किसानों ने चक्काजाम खत्म कर दिया और रायसेन-भोपाल रोड पर यातायात सामान्य हुआ। बताया जा रहा है कि मंडी में पूसा बासमती धान के दाम 5,200 रुपये प्रति क्विंटल तक मिले हैं, जिससे किसानों की संख्या और धान की आवक लगातार बढ़ रही है।

बता दें कि इससे पहले शुक्रवार को भी मंडी में करीब 17 से 18 हजार क्विंटल धान आया था। जगह कम पड़ने के कारण उपज लदी ट्रैक्टर-ट्रालियां मुख्य सड़क तक खड़ी हो गई थीं और यातायात प्रभावित हुआ था। लगातार बढ़ती आवक के चलते मंडी में व्यवस्था को लेकर किसानों में रोष बना हुआ है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)
6 /related/default