रायसेन: सांची में महाबोधि महोत्सव का आगाज, बुद्ध के शिष्यों के अस्थि कलश के दर्शन को उमड़े श्रद्धालु

REPORTER
By -
0
सांची महाबोधि महोत्सव में बुद्ध के शिष्यों के अस्थि कलश के दर्शन करते श्रद्धालु

रायसेन। विश्व प्रसिद्ध पर्यटक स्थल सांची में शनिवार से दो दिवसीय महाबोधि महोत्सव की शुरुआत हुई। कार्यक्रम के पहले दिन भगवान बुद्ध के दोनों प्रिय शिष्यों सारीपुत्र और महामोदग्यान के अस्थि कलशों को गर्भगृह से बाहर निकालकर पूजा-अर्चना के बाद आमजनता के दर्शन के लिए रखा गया, जिसके दर्शन को बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़े।

खबरों के मुताबिक महोत्सव की शुरुआत में महाबोधि सोसाइटी परिसर से भव्य शोभा यात्रा निकाली गई, जो नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए स्तूप परिसर तक पहुंची। शोभा यात्रा में महाबोधि सोसाइटी ऑफ श्रीलंका के प्रमुख बानगल उपत्तिस नायक थेरो विशेष रूप से मौजूद रहे।

जानकारी के अनुसार इस महोत्सव में शामिल होने के लिए श्रीलंका, जापान, मंगोलिया, थाईलैंड सहित कई देशों से भगवान बुद्ध के अनुयाई और विदेशी मेहमान सांची पहुंचे हैं। दो दिनों तक चलने वाले इस महोत्सव में कवि सम्मेलन समेत कई सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद ने मौके पर कहा कि यह हमारे लिए गौरव की बात है कि भगवान बुद्ध के दो प्रिय शिष्यों के अस्थि कलश भारत में और रायसेन जिले के सांची में हैं। वहीं महाबोधि सोसाइटी के प्रमुख बानगल उपत्तीश नायक थेरो ने बताया कि दोनों प्रिय शिष्यों के अस्थि कलशों को आमजनता के दर्शन के लिए रखा गया है।

महोत्सव में आम लोगों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए प्रशासन की ओर से पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। मौके पर 275 से अधिक पुलिस जवानों की तैनाती की गई है, ताकि लोगों को किसी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े। रविवार को भी महोत्सव के कार्यक्रम जारी रहेंगे।

महोत्सव में देश-विदेश से आए अनुयायियों में भारी उत्साह दिखाई दिया। स्तूप परिसर में श्रद्धालु सुबह से ही दर्शन के लिए पहुंचे और पूजा-अर्चना की। प्रशासन की ओर से भीड़ व्यवस्था और यातायात को लेकर भी विशेष तैयारियां की गई हैं, जिससे दो दिवसीय आयोजन सकुशल संपन्न हो सके।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)
6 /related/default