15 नवंबर 2026। जिले में रेलवे ट्रैक पर ट्रेन की टक्कर से एक बाघ की मौत होने का मामला सामने आया है। लामटा परियोजना मंडल के अंतर्गत परियोजना परिक्षेत्र वारासिवनी की सीतापठौर बीट के कक्ष क्रमांक 557A स्थित रेलवे क्षेत्र में 15 नवंबर को बाघ मृत अवस्था में मिला। प्रारंभिक जांच में ट्रेन की टक्कर से बाघ की मौत होने की आशंका जताई गई है।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग ने राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण (NTCA) तथा मुख्य वन्यजीव अभिरक्षक कार्यालय भोपाल के दिशा-निर्देशों के अनुसार घटनास्थल को सुरक्षित कर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने मौके पर पहुंचकर मृत बाघ का परीक्षण एवं पोस्टमार्टम किया। टीम में पेंच टाइगर रिजर्व सिवनी के वन्यप्राणी विशेषज्ञ डॉ. अखिलेश मिश्रा तथा तिरोड़ी के पशु चिकित्सा सहायक शल्यज्ञ डॉ. दिग्विजय सिंह गौर शामिल रहे। पोस्टमार्टम के बाद बाघ के विभिन्न अंगों एवं अवशेषों को फॉरेंसिक जांच के लिए नियमानुसार सीलबंद किया गया।
इसके बाद मुख्य वन संरक्षक बालाघाट गौरव चौधरी, वनमंडलाधिकारी दक्षिण सामान्य वनमंडल नित्यानंद एल., लामटा परियोजना मंडल के संभागीय प्रबंधक सुंदर निवेदन एम., तहसीलदार तिरोड़ी गीता राहंगडाले, NTCA क्षेत्रीय कार्यालय नागपुर के प्रतिनिधि अनिल दशहरे सहित अन्य अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में बाघ के शव का भस्मीकरण किया गया।
👉 वन विभाग ने घटनास्थल पर डॉग स्क्वॉड की मदद से सर्चिंग भी कराई।
पूरी कार्रवाई की फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी कराई गई, ताकि सभी प्रक्रियाओं का रिकॉर्ड सुरक्षित रखा जा सके।
👉 वन अपराध दर्ज, जांच शुरू
