दक्षिण सामान्य वनमंडल बालाघाट के अंतर्गत वन परिक्षेत्र हट्टा की बीट गोदरी में वन्यप्राणी गौर के शिकार का सनसनीखेज मामला सामने आया है। शिकारियों ने जंगल में विद्युत करंट का जाल बिछाकर गौर को मौत के घाट उतार दिया। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की और मामले में आरोपियों को हिरासत में लिया है।
वन विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 1 नवंबर को बीट गोदरी के कक्ष क्रमांक 204 में गौर के शिकार की सूचना मुखबिर से मिली थी। सूचना को गंभीरता से लेते हुए फ्लाई स्कॉड, वन वृत्त बालाघाट और वन परिक्षेत्र हट्टा के वन अमले ने संयुक्त रूप से मौके पर दबिश दी।
कार्रवाई के दौरान आरोपियों के पास से गौर का मांस जब्त किया गया। वहीं, घटनास्थल के निरीक्षण और आरोपियों से पूछताछ में विद्युत करंट लगाकर गौर का शिकार किए जाने की जानकारी सामने आई। आरोपियों की निशानदेही पर वन विभाग ने गौर के अवशेष, विद्युत तार और शिकार में इस्तेमाल की गई अन्य सामग्री भी जब्त की है।
👉 वन अपराध दर्ज, जांच जारी
**************************
मामले में वन विभाग ने आरोपियों को हिरासत में लेकर वन अपराध प्रकरण क्रमांक 16294/15, दिनांक 1 नवंबर 2026 पंजीबद्ध किया है। वन विभाग द्वारा पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। साथ ही आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।
