छपारा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, कंटेनर से 58 गौवंश मुक्त; 20 लाख का वाहन जब्त

 जिला संवादाता
By -
0

मुख्य आरोपी गिरफ्तार, बंजारी माता मंदिर के पास घेराबंदी कर पुलिस ने पकड़ा कंटेनर; गौवंश को पिंडरई गौशाला में रखवाया

छपारा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, कंटेनर से 58 गौवंश मुक्त; 20 लाख का वाहन जब्त

सिवनी, 23 नवंबर 2026। जिले में गौवंश के अवैध परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए छपारा पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक कंटेनर वाहन से 58 गौवंश को मुक्त कराया है। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे करीब 20 लाख रुपये कीमत के कंटेनर को जब्त किया गया है।


पुलिस के अनुसार, 22 नवंबर की रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक कंटेनर में गौवंश को अमानवीय तरीके से बांधकर अवैध रूप से ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी छपारा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बंजारी माता मंदिर के पास घेराबंदी की।


इस दौरान मुखबिर के बताए हुलिए के आधार पर संदिग्ध कंटेनर को रोककर तलाशी ली गई। जांच में वाहन के अंदर 58 गौवंश मिले। पुलिस के मुताबिक, इनके पैर और मुंह बांधे गए थे तथा उन्हें क्रूरतापूर्वक परिवहन किया जा रहा था।


पुलिस टीम ने सभी गौवंश को मुक्त कराकर उपचार और देखरेख के लिए पिंडरई गौशाला में सुरक्षित रखवाया। मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार कर कंटेनर भी जब्त कर लिया गया।


इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला


पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 559/26 के तहत मध्यप्रदेश गोवंश वध प्रतिषेध अधिनियम की धारा 4, 6 और 9, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11(1)(घ) तथा मोटरयान अधिनियम की धारा 66/192 के तहत मामला दर्ज किया है।


इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका


इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक खेमेन्द्र कुमार जैतवार, उप निरीक्षक सुक्कूलाल उइके, उप निरीक्षक भुजवल सिंह प्रजापति, सहायक उप निरीक्षक अशोक सेन सहित प्रधान आरक्षक मूलसिंह उइके, विनोद धुर्वे, शैलेन्द्र कवरेती, बालचंद घोरमारे तथा आरक्षक राकेश सोनवाने और रवि बहेटवार की सराहनीय भूमिका रही।


पुलिस अधीक्षक कृष्ण लालचंदानी के निर्देशन और एसडीओपी लखनादौन अपूर्व भलावी के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। पुलिस ने अवैध गतिविधियों और गौवंश तस्करी के खिलाफ अभियान जारी रखने की बात कही है।

Tags:

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)
6 /related/default