मुंडीबाड़ा स्थित सीनियर बालक छात्रावास में छात्रों की शिकायतों के बाद एसडीएम कटंगी श्री विजय सिंह यादव ने 23 सितंबर को औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान छात्रावास की व्यवस्थाओं में कई अनियमितताएं सामने आईं। एसडीएम ने संबंधित *अधिकारियों-कर्मचारियों को व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
विगत दिवस छात्रावास के करीब 8 से 10 छात्रों ने एसडीएम से मुलाकात कर वार्डन पर अभद्र व्यवहार करने और नियमित रूप से शराब सेवन करने के आरोप लगाए थे। छात्रों ने छात्रावास परिसर में भृत्य द्वारा कुत्ता बांधे जाने से होने वाली परेशानी की शिकायत भी की थी। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम ने छात्रावास का अचानक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान रसोई में मकड़ी के जाले और साफ-सफाई की कमी मिली। छात्रों के अनुसार शौचालयों के फ्लश करीब एक माह से खराब हैं। पेयजल के लिए लगाया गया आरओ भी लगभग एक माह से बंद पाया गया। आकस्मिक चिकित्सा के लिए आवश्यक फर्स्ट एड बॉक्स भी उपलब्ध नहीं मिला। इन कमियों को लेकर एसडीएम ने वार्डन से जानकारी ली, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
👉 मंडल संयोजक को भी लगाई फटकार
निरीक्षण के दौरान अनुसूचित जनजाति विभाग के मंडल संयोजक श्री जागेंद्र वासनिक भी मौजूद थे। वे छात्रावास संबंधी जानकारी ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज कर रहे थे। एसडीएम ने सवाल किया कि यदि छात्रावास की नियमित निगरानी की जा रही थी तो निरीक्षण में सामने आई कमियों का पहले निराकरण क्यों नहीं किया गया। छात्रों ने भी अधिकारियों के समक्ष अपनी समस्याएं रखीं। एसडीएम ने वार्डन एवं मंडल संयोजक को व्यवस्थाओं में लापरवाही को लेकर फटकार लगाई।
वार्डन का मेडिकल परीक्षण, अल्कोहल सेवन की पुष्टि
निरीक्षण के दौरान एसडीएम श्री विजय सिंह यादव एवं तहसीलदार श्री पन्नू लाल सांडिल्य को छात्रावास वार्डन वीरेंद्र कुमार दरबड़े प्रथम दृष्टया नशे की हालत में प्रतीत हुए। इसके बाद एसडीएम ने ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर से संपर्क कर वार्डन को मेडिकल परीक्षण के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटंगी भेजा।
सीएचसी कटंगी में प्राथमिक परीक्षण के दौरान वार्डन के अल्कोहल सेवन की पुष्टि होने की जानकारी सामने आई है। साथ ही उनका ब्लड सैंपल लेकर लैब जांच के लिए भेजा गया है।
👉 मंडल संयोजक पर कार्रवाई के निर्देश
एसडीएम श्री यादव ने मंडल संयोजक श्री जागेंद्र वासनिक के संबंध में मौके से ही अपर कलेक्टर श्री डी.पी. बर्मन एवं सहायक आयुक्त, जनजातीय कार्य विभाग, श्रीमती शकुंतला डामोर को अवगत कराया। मंडल संयोजक के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए सक्षम अधिकारियों को पत्र भेजने के निर्देश दिए गए हैं।
औचक निरीक्षण के बाद छात्रावास की व्यवस्थाओं में सुधार तथा छात्रों की शिकायतों पर विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
