30 अगस्त 2026 जिले के प्रभावित ग्रामों में स्वास्थ्य एवं राहत अभियान लगातार तेज किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर पहुंचकर लोगों की स्क्रीनिंग, स्वास्थ्य परीक्षण, दवा वितरण एवं उपचार कर रही हैं। अभियान के तहत आज 32 लोगों को बेहतर उपचार के लिए जिला चिकित्सालय रेफर किया गया। अब तक कुल 356 मरीजों को जिला चिकित्सालय भेजा जा चुका है, जिनमें 278 मरीज स्वस्थ होकर डिस्चार्ज हो चुके हैं, जबकि 78 मरीजों का उपचार जारी है।
घर-घर स्वास्थ्य सर्वेक्षण के दौरान अब तक 4,618 लोगों की जांच की गई है। इनमें 939 लोग विभिन्न बीमारियों से पीड़ित पाए गए। प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं के लिए 20 सर्वेक्षण टीमें, 10 चिकित्सा अधिकारी, 04 एम्बुलेंस और 04 पीएम जन एंबुलेंस तैनात की गई हैं।
प्रभावित क्षेत्रों में बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर भी विशेष अभियान चलाया जा रहा है। आज 792 बच्चों को विटामिन-ए, ओआरएस एवं जिंक, 735 बच्चों को आयरन सिरप तथा 642 बच्चों को एल्बेंडाजोल दिया गया। वहीं अब तक 190 सत्रों में 10,701 बच्चों का टीकाकरण किया जा चुका है।
👉 मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम
मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम के लिए भी व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत 61 गांवों के 3,920 घरों में कीटनाशक छिड़काव किया गया। इसके अलावा 86 ग्रामों में 6,550 इंडोर एवं आउटडोर फॉगिंग कराई गई है।
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा प्रभावित क्षेत्रों में जल स्रोतों के क्लोरीनेशन, जल परीक्षण, ब्लीचिंग पाउडर के छिड़काव एवं हैंडपंप सुधार का कार्य किया जा रहा है। आज 34 जल स्रोतों का क्लोरीनेशन, 10 जल स्रोतों से पानी के नमूने संग्रहित करने तथा 02 हैंडपंपों का सुधार किया गया।
प्रभावित परिवारों को खाद्यान्न और पशुओं का उपचार
प्रभावित क्षेत्र के 23 परिवारों को ‘राशन आपके द्वार’ योजना एवं उचित मूल्य दुकानों के माध्यम से खाद्यान्न उपलब्ध कराया गया। बिरसा विकासखंड में 10 पशुओं की जांच कर आवश्यक दवाइयां दी गईं।
👉 महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आंगनबाड़ी केंद्रों में साफ-सफाई, बच्चों को भोजन तथा महिलाओं एवं बच्चों को पोषण आहार उपलब्ध कराने का कार्य भी लगातार जारी है। प्रशासन एवं विभिन्न विभागों की संयुक्त टीमों द्वारा प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य, स्वच्छता, पेयजल, पोषण एवं राहत संबंधी गतिविधियों की सतत निगरानी की जा रही है।
👉 अभयवाणी न्यूज बालाघाट 👈
