6 मध्यप्रदेश बटालियन एनसीसी बालाघाट के कमान अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल विनीत कमल गुप्ता के निर्देशन एवं शासकीय शंकर साव पटेल महाविद्यालय वारासिवनी की प्राचार्य डॉ. सरिता कोल्हेकर के मार्गदर्शन में सोमवार 8 जून को पुनीत सागर अभियान के अंतर्गत एसएससीडी गतिविधि के तहत "प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट" विषय पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ एनसीसी कैडेट श्रेया शुक्ला ने उपस्थित कैडेट्स को प्लास्टिक के उचित उपयोग, पुनर्चक्रण (रिसाइक्लिंग) तथा पर्यावरण पर इसके दुष्प्रभावों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सिंगल यूज प्लास्टिक वर्तमान समय में पर्यावरण के लिए गंभीर चुनौती बन चुका है। यह लंबे समय तक नष्ट नहीं होता, जिससे भूमि, जल स्रोतों और पारिस्थितिकी तंत्र पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है तथा मिट्टी की उर्वरता भी प्रभावित होती है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एनसीसी अधिकारी मेजर डॉ. हेमंत कुमार मंडाले ने कैडेट्स को प्लास्टिक का उपयोग न्यूनतम करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि प्लास्टिक कचरे को निर्धारित स्थानों पर ही एकत्रित किया जाना चाहिए, जिससे वह पर्यावरण में बिखरकर प्रदूषण का कारण न बने। उन्होंने कैडेट्स से अपने परिवार, मित्रों और समाज के अन्य लोगों को भी प्लास्टिक प्रदूषण के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
मेजर मंडाले ने विशेष रूप से नदियों, तालाबों एवं अन्य जल स्रोतों के किनारों पर प्लास्टिक कचरा नहीं फैलाने की अपील करते हुए स्वच्छ एवं सुरक्षित पर्यावरण के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया। कार्यक्रम में 42 एनसीसी कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए पर्यावरण संरक्षण एवं प्लास्टिक मुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया।
इस अवसर पर उपस्थित कैडेट्स ने पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने और स्वच्छता के प्रति समाज में व्यापक जागरूकता फैलाने का संकल्प दोहराया।
✍🏻
0 टिप्पणियाँ