उप संचालक खनिज सुश्री फरहत जहां ने जानकारी देते हुए बताया कि ग्राम किन्ही में खनिज रेत के अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण की शिकायतों के आधार पर संयुक्त दल द्वारा जांच की गई।जांच के दौरान ग्राम किन्ही स्थित शासकीय भूमि के खसरा क्रमांक 396 में लगभग 55 ट्रॉली खनिज रेत का अवैध भंडारण पाया गया।
मौके पर मौजूद व्यक्तियों द्वारा रेत भंडारण से संबंधित कोई वैध अनुमति, परिवहन पास अथवा रॉयल्टी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके। दस्तावेजों के अभाव में अधिकारियों ने नियमानुसार पूरी रेत जब्त कर ली। जब्त रेत को ग्राम पंचायत किन्ही के कोटवार सुनील धमगाहे की सुपुर्दगी एवं निगरानी में सौंपा गया है।
कार्रवाई के दौरान ग्राम मोवाड़, तहसील खैरलांजी से संबंधित ट्रैक्टर क्रमांक MP50-A-3332 को भी जब्त किया गया। वाहन चालक के मौके पर अनुपस्थित होने के कारण अन्य चालक की सहायता से ट्रैक्टर को पुलिस थाना खैरलांजी लाकर सुरक्षित अभिरक्षा में रखा गया है।
खनिज विभाग के अधिकारियों ने बताया कि प्रकरण में मध्यप्रदेश खनिज (अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण का निवारण) नियम, 2022 के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध रेत कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए संयुक्त अभियान लगातार जारी रहेगा तथा अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
✍️
0 टिप्पणियाँ