अवैध रेत के बड़े भंडार पर प्रशासन का शिकंजा Iभटेरा और खैरी में 2500 से अधिक ट्रॉली रेत जब्त, संयुक्त छापेमारी से मचा हड़कंप दो बिना नंबर के ट्रैक्टर-ट्रॉली भी पकड़े गए, खनिज नियमों के तहत होगी सख्त कार्रवाई।

बालाघाट
जिले में अवैध रेत खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध प्रशासन का अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। इसी कड़ी में 29 मई 2026 को तहसील बालाघाट के ग्राम भटेरा एवं खैरी में परिवहन विभाग, खनिज विभाग, राजस्व अमले एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी छापामार कार्रवाई करते हुए 2500 से अधिक ट्रॉली अवैध रेत जब्त की। कार्रवाई के दौरान दो बिना नंबर के ट्रैक्टर-ट्रॉली भी पकड़े गए, जिन पर परिवहन नियमों के तहत कार्रवाई की गई।
उप संचालक खनिज सुश्री फरहत जहां ने बताया कि कार्रवाई में खनिज विभाग, परिवहन विभाग, राजस्व विभाग, थाना कोतवाली एवं पुलिस लाइन बालाघाट का पुलिस बल शामिल रहा। संयुक्त दल द्वारा ग्राम खैरी एवं भटेरा में अवैध रेत भंडारण की सूचना पर जांच की गई, जिसमें बड़े पैमाने पर रेत का अवैध भंडारण पाया गया।जांच के दौरान ग्राम खैरी में शासकीय एवं निजी भूमि पर लगभग 862 ट्रॉली रेत अवैध रूप से भंडारित मिली। वहीं ग्राम भटेरा में शासकीय भूमि पर करीब 1650 ट्रॉली रेत लावारिस हालत में जमा पाई गई। अधिकारियों द्वारा संबंधित व्यक्तियों से रेत भंडारण की अनुमति एवं रॉयल्टी संबंधी दस्तावेज मांगे गए, लेकिन कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया जा सका।
दस्तावेजों के अभाव में पूरी रेत को अज्ञात रूप से जब्त करते हुए नियमानुसार कार्रवाई की गई। ग्राम खैरी में जब्त रेत को सुरक्षा एवं निगरानी के लिए ग्राम कोटवार की सुपुर्दगी में दिया गया, जबकि ग्राम भटेरा में जब्त रेत की देखरेख की जिम्मेदारी ग्राम पंचायत सचिव को सौंपी गई है। अधिकारियों के अनुसार समाचार लिखे जाने तक जब्ती एवं पंचनामा की कार्रवाई जारी थी।
    👉       दो ट्रैक्टर-ट्रॉली भी जब्त
संयुक्त कार्रवाई के दौरान परिवहन विभाग की टीम ने दो ऐसे ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़े जो बिना पंजीयन नंबर के संचालित हो रहे थे। वाहन दस्तावेजों में अनियमितता पाए जाने पर दोनों वाहनों के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। अधिकारियों ने बताया कि अवैध परिवहन में उपयोग किए जाने वाले वाहनों पर भी कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
खनिज नियम 2022 के तहत होगी वैधानिक कार्रवाई
जब्त रेत के संबंध में मध्यप्रदेश खनिज (अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण का निवारण) नियम, 2022 के प्रावधानों के तहत आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। संबंधित व्यक्तियों की पहचान कर उन पर जुर्माना एवं अन्य कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी।
   👉     अवैध खनन पर प्रशासन की सख्ती जारी
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही नागरिकों से अपील की गई है कि खनिज संबंधी किसी भी कार्य को केवल वैध अनुमति एवं निर्धारित नियमों के अनुसार ही संचालित करें।
यह कार्रवाई जिले में अवैध खनन माफियाओं के विरुद्ध प्रशासन की अब तक की बड़ी कार्रवाइयों में से एक मानी जा रही है, जिससे क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Copyright (c) 2020 abhaywani All Right Reseved