“जय भीम के नारों से गूंजा वारासिवनी_डॉ. भीमराव आंबेडकर जयंती पर भव्य शोभायात्रा, जगह-जगह पुष्प वर्षा” ।

वारासिवनी बालाघाट
वारासिवनी नगर में संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती बड़े ही उत्साह, श्रद्धा और गरिमा के साथ मनाई गई। इस अवसर पर नगर में एक भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें समाज के विभिन्न वर्गों के लोग, युवा, महिलाएं एवं जनप्रतिनिधि बड़ी संख्या में शामिल हुए।
शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी, जहां जगह-जगह नागरिकों द्वारा बाबा साहब की प्रतिमा एवं चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनका स्वागत किया गया। कई स्थानों पर पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा को भव्य स्वरूप दिया गया। पूरे नगर में “जय भीम” के नारों और बाबा साहब के विचारों से वातावरण गूंजायमान रहा।
इसी क्रम में वारासिवनी स्थित कांग्रेस जनसंपर्क कार्यालय के सामने स्वल्पाहार वितरण का आयोजन किया गया। यहां राहगीरों, शोभायात्रा में शामिल लोगों एवं आम नागरिकों को स्वल्पाहार वितरित किया गया। इस सेवा कार्य में कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रीय विधायक विवेक विक्की पटेल ने शोभायात्रा का आत्मीय स्वागत किया। उन्होंने बाबा साहब के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की और उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि बाबा साहब ने देश को जो संविधान दिया है, वह सभी नागरिकों को समान अधिकार और सम्मान प्रदान करता है। उनके बताए मार्ग पर चलकर ही समाज में समरसता, समानता और न्याय स्थापित किया जा सकता है।
विधायक श्री पटेल ने युवाओं से बाबा साहब के विचारों को अपनाने और शिक्षा के माध्यम से आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि डॉ. आंबेडकर का जीवन संघर्ष, परिश्रम और सामाजिक न्याय के लिए समर्पण का प्रतीक है, जिससे हर व्यक्ति को प्रेरणा लेनी चाहिए।
कार्यक्रम का समापन शांतिपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ, जिसमें नगरवासियों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाई और बाबा साहब के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की।

إرسال تعليق

0 تعليقات

Copyright (c) 2020 abhaywani All Right Reseved