भविष्य से भेंट कार्यक्रम में अधिकारियों ने बच्चों को किया प्रेरित, नि:शुल्क पाठ्य-पुस्तकों का वितरण।

REPORTER
By -
0
वारासिवनी / बालाघाट
“स्कूल चले हम अभियान” के अंतर्गत कलेक्टर श्री मृणाल मीना के निर्देशन में04 अप्रैल को जिले की विभिन्न शालाओं में “भविष्य से भेंट” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस पहल के तहत विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अलग-अलग स्कूलों में पहुंचकर विद्यार्थियों से संवाद स्थापित किया और उन्हें शिक्षा के प्रति प्रेरित किया।
जिला शिक्षा अधिकारी श्री अश्विनी उपाध्याय ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कायदी में आयोजित कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए विद्यार्थियों से सीधे संवाद किया। उन्होंने बच्चों को शिक्षा का महत्व बताते हुए मन लगाकर अध्ययन करने की प्रेरणा दी। इस अवसर पर विद्यार्थियों को नि:शुल्क पाठ्य-पुस्तकों का वितरण भी किया गया।
इसी क्रम में प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क इकाई की महाप्रबंधक सुश्री माया मनीष परते ने जागपुर, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन यंत्री श्री बी.एल. उईके ने भटेरा तथा श्रम अधिकारी श्री मयंक दीक्षित ने हट्टा में विद्यार्थियों से संवाद किया। अधिकारियों ने विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य निर्धारित करने, नियमित अध्ययन करने तथा उज्ज्वल भविष्य के निर्माण हेतु सतत प्रयास करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने बच्चों से उनके सपनों और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा की, जिससे विद्यार्थियों में उत्साह और आत्मविश्वास का संचार हुआ। जिले के अन्य अधिकारियों ने भी विभिन्न शालाओं में पहुंचकर विद्यार्थियों से संवाद स्थापित किया।
यह अभियान बच्चों को स्कूल से जोड़ने, शिक्षा के प्रति रुचि बढ़ाने तथा उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में उभर रहा है।
Tags:

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

3/related/default