कटंगी में डॉ. बाबा साहब अंबेडकर की 135वीं जयंती पर भव्य आयोजन, 135 केक काटकर मनाया जश्न।

कटंगी / बालाघाट
कटंगी में डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। परम पूज्य डॉक्टर बाबासाहेब अंबेडकर सार्वजनिक जयंती समारोह समिति के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में समाज के विभिन्न वर्गों की व्यापक भागीदारी देखने को मिली।कार्यक्रम की शुरुआत तथागत बुद्ध एवं डॉ. अंबेडकर के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ हुई। इस अवसर पर अध्यक्षता अधिवक्ता डॉ. संजय खोबरागड़े ने की, जबकि मुख्य अतिथि पूज्य भदंत डॉ. चंद्रकीर्ति और विशिष्ट अतिथि के रूप में शकुन बौद्ध उपस्थित रहीं।
अपने उद्बोधन में शकुन बौद्ध ने कहा कि डॉ. बाबा साहब अंबेडकर की बदौलत ही आज महिलाओं को पुरुषों के बराबर सम्मान और अधिकार प्राप्त हुए हैं।” उन्होंने समाज से बाबा साहब के बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया।
वहीं अन्य वक्ताओं ने भी संविधान, सामाजिक एकता और अम्बेडकर मिशन को आगे बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया। कार्यक्रम में विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
जयंती समारोह के तहत 11 अप्रैल को निबंध प्रतियोगिता, 12 अप्रैल को रंगोली एवं चित्रकला प्रतियोगिता तथा 13 अप्रैल को अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें कवियों ने बुद्ध-अम्बेडकर मिशन और संविधान पर काव्य पाठ प्रस्तुत किया।
14 अप्रैल को मुख्य समारोह के दौरान 135वीं जयंती के उपलक्ष्य में 135 केक काटकर अनोखे तरीके से जश्न मनाया गया, साथ ही आतिशबाजी और रैली का आयोजन भी किया गया। भीम चौक से निकली भव्य रैली शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए बौद्ध विहारों तक पहुंची।
इसके अलावा समिति द्वारा अस्पताल में मरीजों को फल वितरण कर सेवा कार्य भी किया गया। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों एवं प्रतिभागियों को सम्मान पत्र और संविधान की प्रति भेंट की गई।
पूरे आयोजन का सफल संचालन अरविंद दरवाडे एवं एडवोकेट युनित खोबरागड़े ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन संजय शेंडे द्वारा किया गया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Copyright (c) 2020 abhaywani All Right Reseved