बालाघाट
माध्यमिक शिक्षा मंडल के परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद कक्षा 10वीं एवं 12वीं की प्रदेश मेरिट सूची में स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी विद्यार्थियों का भव्य सम्मान समारोह जिला पंचायत सभागार में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिले के प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष सम्राट सिंह सरसवार, उपाध्यक्ष एवं शिक्षा समिति के अध्यक्ष योगेश राजा लिल्हारे, मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक सराफ एवं पुलिस अधीक्षक आदित्य मिश्रा उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए उनकी सफलता की सराहना की।
जानकारी के अनुसार, प्रदेश की प्रावीण्य सूची में बालाघाट जिले के हाईस्कूल के 37 एवं हायर सेकेंडरी के 98 छात्र-छात्राओं ने स्थान प्राप्त कर जिले का गौरव बढ़ाया। इस अवसर पर जिला पंचायत द्वारा सभी मेधावी विद्यार्थियों को 5-5 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि के स्वीकृति पत्र एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने विद्यार्थियों को जीवन में आगे बढ़ने के लिए मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण का महत्व बताया। साथ ही करियर मार्गदर्शन देते हुए विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध अवसरों की जानकारी भी साझा की गई। उन्होंने विद्यार्थियों की इस सफलता को उनके परिश्रम, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम बताया।
समारोह में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, उनके अभिभावक, शिक्षक एवं जिला पंचायत सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने मेधावी विद्यार्थियों की उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।
0 टिप्पणियाँ