थाना रामपायली पुलिस की बड़ी कार्रवाई -अवैध रेत उत्खनन पर शिकंजा वैनगंगा नदी से रेत उत्खनन करते 4 ट्रैक्टर, 1 लोडर मशीन जब्त, 8 आरोपी गिरफ्तार ।

बालाघाट
 जिले में अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपियों पर सख्ती दिखाई है। पुलिस अधीक्षक श्री निहित उपाध्याय के निर्देश एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) श्री अभिषेक चौधरी के मार्गदर्शन में थाना रामपायली पुलिस ने यह कार्रवाई की।
दिनांक 27/28 मार्च 2026 की दरमियानी रात लगभग 2 बजे पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम सेलोटपार एवं भेंडारा क्षेत्र से लगी वैनगंगा नदी में अवैध रूप से रेत उत्खनन कर लोडर मशीन से ट्रैक्टरों में भरकर महाराष्ट्र की ओर परिवहन किया जा रहा है।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक दिलीप मौर्य के नेतृत्व में पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। ग्राम भेंडारा स्थित वैनगंगा नदी में दबिश देकर पुलिस ने चारों ओर से घेराबंदी की और मौके से 4 ट्रैक्टर एवं 1 लोडर मशीन जब्त की। जब्त वाहनों की कुल अनुमानित कीमत लगभग 22 लाख 40 हजार रुपये बताई गई है।
इस कार्रवाई में पुलिस ने 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिनमें नरेंद्र मेश्राम, नामदेव कारे, पालेंद्र कुशराम, दुर्गेश भोयर, मुकेश मात्रे, अरविंद गजभिये, रितेश एवं अनमोल नेवारे शामिल हैं।
पुलिस द्वारा आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता, गौण खनिज अधिनियम एवं मोटर व्हीकल एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक दिलीप मौर्य सहित उपनिरीक्षक कलशराम उइके, सहायक उपनिरीक्षक नरेन्द्र गहरवार, राजीव जाचक, प्रधान आरक्षक शैलेन्द्र सैय्याम, आरक्षक आलोक बिसेन, श्यामसिंह, रविन्द्र, जितेन्द्र, नरोत्तम, अंकित, चालक नसीर एवं डायल-100 पायलट अनिल की सराहनीय भूमिका रही।

إرسال تعليق

0 تعليقات

Copyright (c) 2020 abhaywani All Right Reseved