जनता की आवाज दबाने वालों पर कलेक्टर सख्त - 100 दिन से लंबित शिकायतों की सीधे सुनवाई।

 बालाघाट
कलेक्टर श्री मृणाल मीना ने मंगलवार, 10 फरवरी को सीएम हेल्पलाईन पर 100 दिनों से अधिक समय से लंबित शिकायतों की समक्ष में सुनवाई की। इस दौरान संबंधित विभागों के अधिकारियों को बुलाकर शिकायतों के लंबित रहने के कारणों की समीक्षा की गई तथा शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश दिए गए।
सुनवाई के दौरान अपर कलेक्टर श्री डी.पी. बर्मन एवं लोक सेवा प्रबंधक श्री अनिल लिल्हारे भी उपस्थित रहे।
समक्ष में सुनवाई के दौरान खैरलांजी तहसील के ग्राम डोंगरिया निवासी दीपक रहांगडाले द्वारा नक्शा सुधार हेतु दिए गए आवेदन का निराकरण नहीं होने पर दर्ज की गई शिकायत पर चर्चा की गई। संबंधित पटवारी एवं राजस्व निरीक्षक से वस्तुस्थिति की जानकारी लेकर एसडीएम वारासिवनी को मौके पर जाकर जांच करने, नक्शा सुधार कराने एवं शिकायत का निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
इसी प्रकार बिरसा निवासी ज्ञानदास मेश्राम द्वारा आवासीय भूमि का पट्टा होने के बावजूद शासकीय भूमि पर अतिक्रमण बताकर दुकान हटाए जाने संबंधी शिकायत की सुनवाई की गई। कलेक्टर ने पटवारी से जानकारी प्राप्त करने के बाद एसडीएम बैहर को स्थल निरीक्षण कर आवेदक को पट्टे की भूमि पर कब्जा दिलाने तथा शिकायत बंद कराने के निर्देश दिए।
किरनापुर तहसील के ग्राम बम्हनी निवासी कन्हैयालाल पारधी की बीपीएल राशन कार्ड नहीं बनाए जाने संबंधी लंबित शिकायत की सुनवाई में पाया गया कि वे पात्रता की श्रेणी में नहीं आते, जिस पर शिकायत बंद करने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा बैहर तहसील के ग्राम मोवाला निवासी आनंद गजभिये की भूमि नक्शा सुधार संबंधी शिकायत की सुनवाई करते हुए नक्शा सुधार कर शिकायत का निराकरण करने के निर्देश दिए गए।

إرسال تعليق

0 تعليقات

Copyright (c) 2020 abhaywani All Right Reseved