अवैध धान भंडारण पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 2302 क्विंटल धान सीज, दो राइस मिलर्स पर 5 गुना मंडी शुल्क।

बालाघाट।
समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के दौरान अनियमितताओं पर रोक लगाने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री मृणाल मीना के निर्देश पर जिले में धान व्यापारियों एवं राइस मिलर्स के प्रतिष्ठानों की सघन जांच की जा रही है। यह कार्रवाई राजस्व, खाद्य आपूर्ति एवं वेयरहाउसिंग विभाग की संयुक्त टीम द्वारा की जा रही है, ताकि कोई भी व्यापारी या बिचौलिया किसानों के नाम पर अवैध रूप से धान का विक्रय न कर सके।
इसी क्रम में जांच दल द्वारा गोपाल एग्रोटेक लिंगा, जय मां अम्बे राइस मिल एंड ट्रेडर्स बगदर्रा, मां संतोषी इंडस्ट्रीज नैतरा एवं अग्रवाल राइस इंडस्ट्रीज लिंगा की जांच की गई। जांच के दौरान इन प्रतिष्ठानों में कुल 2302.64 क्विंटल धान का स्टॉक पाया गया, जिसे उपार्जन अवधि समाप्त होने तक सील कर दिया गया है।
जय मां अम्बे राइस मिल एंड ट्रेडर्स बगदर्रा में जांच के दौरान मौके पर 1148 क्विंटल धान पाया गया, जबकि मंडी पोर्टल पर दर्ज स्टॉक 1062.25 क्विंटल था। इस प्रकार 86 क्विंटल धान अधिक पाए जाने पर संबंधित मिलर पर 5 गुना मंडी शुल्क के रूप में 10 हजार 260 रुपये का जुर्माना लगाया गया।
इसी तरह मलाजखंड के पौनी मोहगांव क्षेत्र में अजय ट्रेडर्स के प्रतिष्ठान से 112 बोरी धान बरामद की गई, जिसे तहसीलदार बिरसा के निर्देश पर जब्त कर सील किया गया। वहीं किरनापुर क्षेत्र अंतर्गत सेवती में धान व्यापारी मनीष असाटी के प्रतिष्ठान मेसर्स असाटी ट्रेडर्स में 635 क्विंटल धान का स्टॉक पाया गया, जिसे नियमानुसार जब्त करते हुए व्यापारी की सुपुर्दगी में दिया गया।
इसके अतिरिक्त पाराशर राइस मिल की जांच के दौरान मंडी पोर्टल पर दर्ज 230 क्विंटल धान का स्टॉक मौके पर उपलब्ध नहीं पाया गया। इस अनियमितता के चलते मिल के प्रोपराइटर अंशुल पाराशर के विरुद्ध नियमानुसार 5 गुना मंडी शुल्क वसूली की कार्रवाई की गई है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की अवधि समाप्त होने तक जब्त की गई धान की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। इस कार्रवाई का उद्देश्य उपार्जन व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखना और किसानों को योजनाओं का वास्तविक लाभ दिलाना है।
प्रशासन ने चेतावनी दी है कि धान खरीदी में किसी भी प्रकार की अनियमितता या नियमों के उल्लंघन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिले में इस प्रकार की जांच और कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।
        प्रताप गेडाम - जिला क्राइम रिपोर्टर
              अभयवाण न्यूज

Post a Comment

और नया पुराने