25 अक्टूबर 2026। जिले के लांजी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मोहझिरी के जंगल में आबकारी विभाग की छापेमार कार्रवाई से अवैध शराब बनाने वालों में हड़कंप मच गया। जंगल के नदी-नालों के आसपास अलग-अलग स्थानों पर छिपाकर रखी गई लगभग 81 हजार 500 रुपये मूल्य की सामग्री बरामद की गई।
👉 जंगल में ड्रमों और बोरियों में छिपाकर रखा था महुआ लाहन
कलेक्टर आदित्य सिंह के निर्देशन एवं जिला आबकारी अधिकारी अजीत एक्का के मार्गदर्शन में 24 अक्टूबर को आबकारी टीम ने मोहझिरी के जंगल में दबिश दी। तलाशी के दौरान प्लास्टिक ड्रमों और बोरियों में रखा लगभग 800 किलोग्राम महुआ लाहन तथा 10 लीटर हाथ भट्टी की कच्ची महुआ शराब बरामद हुई।
मौके पर नष्ट किया लाहन, दो मामले दर्ज
आबकारी विभाग ने बरामद सामग्री के संबंध में मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 की धारा 34(1)(क) एवं 34(1)(च) के तहत दो प्रकरण दर्ज किए। महुआ लाहन के नमूने लेने के बाद शेष लाहन को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
👉 कार्रवाई में शामिल रही आबकारी टीम
*********************************
इस कार्रवाई में आबकारी वृत्त प्रभारी कौस्तुभ नेताम, आबकारी आरक्षक राहुल महोबिया एवं कपिल टांडेकर शामिल रहे। विभाग ने स्पष्ट किया कि अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और विक्रय के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
बड़ा सवाल—जंगल में कौन चला रहा था अवैध शराब का कारोबार?
******************************
मोहझिरी के जंगल में इतनी बड़ी मात्रा में महुआ लाहन मिलने के बाद सवाल उठता है कि आखिर इस अवैध गतिविधि के पीछे कौन लोग हैं? हालांकि विभागीय जानकारी में किसी आरोपी की गिरफ्तारी का उल्लेख नहीं किया गया है।
