कटंगी नगर की सड़कों और वार्डों में घूम रहे आवारा मवेशियों की समस्या को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। एसडीएम विजय सिंह यादव के निर्देश पर नगर पालिका ने शनिवार और रविवार को विशेष अभियान चलाकर काऊ-कैचर की मदद से 7 आवारा मवेशियों को पकड़कर कांजी हाउस भेज दिया।
👉 सड़कों पर मवेशियों का जमावड़ा, हादसों का खतरा!
*****************************
कटंगी की मुख्य सड़कों और विभिन्न वार्डों में आवारा मवेशियों के घूमने से नागरिकों को लंबे समय से परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। सड़क पर मवेशियों के अचानक आने और आपस में लड़ने से दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती थी।एसडीएम विजय सिंह यादव को नगर भ्रमण के दौरान भी यह समस्या दिखाई दी थी। नागरिकों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने मुख्य नगरपालिका अधिकारी को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
👉 15 दिन पहले भी हुई थी कार्रवाई, फिर सड़कों पर मवेशी!
***************************
उल्लेखनीय है कि लगभग 15 दिन पहले भी एसडीएम के निर्देश पर आधा दर्जन से अधिक आवारा मवेशियों को पकड़कर गौशाला भेजा गया था। इसके बावजूद नगर में आवारा मवेशियों की समस्या बनी हुई है।
ऐसे में सवाल उठता है कि बार-बार कार्रवाई के बावजूद कटंगी की सड़कों को आवारा मवेशियों से स्थायी राहत कब मिलेगी?
👉 सफाई व्यवस्था को लेकर भी एसडीएम सख्त
***************************
एसडीएम विजय सिंह यादव ने नगर पालिका सीएमओ को निर्देश दिए हैं कि आवारा मवेशियों की समस्या के स्थायी निराकरण के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं।
इसके साथ ही नगर में सुबह-शाम नियमित सफाई सुनिश्चित करने और सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी नहीं रहने देने के निर्देश भी दिए गए हैं।
एसडीएम ने नागरिकों से अपने घरों और आसपास स्वच्छता बनाए रखने तथा नगर को साफ-सुथरा रखने में सहयोग करने की अपील की है।
अब देखना होगा कि नगर पालिका की यह कार्रवाई कटंगी को आवारा मवेशियों की समस्या से स्थायी राहत दिला पाती है या फिर कुछ दिनों बाद सड़कों पर वही स्थिति दिखाई देगी।
