कान्हा टाइगर रिजर्व के सुपखार परिक्षेत्र में विभागीय हाथियों के स्वास्थ्य, देखभाल और समग्र कल्याण के लिए आयोजित सात दिवसीय हाथी रिजुविनेशन कैंप का रविवार को गरिमामय समारोह के साथ समापन हुआ। 14 से 20 सितंबर तक चले कैंप में हाथियों को नियमित कार्यों से विश्राम देकर स्वास्थ्य परीक्षण, पौष्टिक आहार और विशेष देखभाल प्रदान की गई।
समापन समारोह में बैहर विधायक संजय सिंह उईके एवं बिछिया विधायक नारायण सिंह पट्टा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान मुख्य वन संरक्षक बालाघाट गौरव चौधरी, पुलिस अधीक्षक मंडला सहित कान्हा टाइगर रिजर्व के क्षेत्र संचालक रवीन्द्र मणि त्रिपाठी, उपसंचालक प्रकाश कुमार वर्मा, वन मंडलाधिकारी बालाघाट (कोर), कोर एवं बफर क्षेत्र के सहायक संचालक और परिक्षेत्र अधिकारी मौजूद रहे।
समारोह की शुरुआत विभागीय हाथियों की विधिवत पूजा-अर्चना से हुई। इसके बाद हाथियों को मौसमी फल, गन्ना, मक्का और नारियल खिलाया गया। अधिकारियों एवं अतिथियों ने हाथियों के प्रति स्नेह और सम्मान व्यक्त करते हुए उनके बेहतर स्वास्थ्य एवं संरक्षण की कामना की।
👉 महावतों और सहायक महावतों का सम्मान
**********************************
हाथियों की देखभाल और प्रबंधन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले महावतों एवं सहायक महावतों को भी सम्मानित किया गया। उन्हें बैग, पानी की बोतल, ट्रैक सूट एवं खेल सामग्री प्रदान की गई। अधिकारियों ने हाथियों की देखभाल तथा वन्यजीव संरक्षण कार्यों में उनके योगदान की सराहना की।
👉 वन्यजीव संरक्षण में अहम भूमिका
******************************
कान्हा टाइगर रिजर्व में विभागीय हाथी वन्यजीव संरक्षण, वन सुरक्षा, गश्ती और निगरानी जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में उपयोगी भूमिका निभाते हैं। इसी को देखते हुए प्रतिवर्ष रिजुविनेशन कैंप आयोजित किया जाता है। कैंप के दौरान हाथियों को काम से विश्राम देने के साथ स्वास्थ्य परीक्षण, पौष्टिक आहार, आवश्यक उपचार और मनोरंजक गतिविधियों के माध्यम से उनके शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दिया जाता है।
समापन अवसर पर अतिथियों एवं वन विभाग के अधिकारियों ने विभागीय हाथियों की बेहतर देखभाल और संरक्षण के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
