कटंगी स्थित शासकीय आदिवासी महाविद्यालयीन बालक छात्रावास में ड्यूटी के दौरान शराब के नशे में पाए गए प्रभारी अधीक्षक एवं प्राथमिक शिक्षक वीरेंद्र कुमार दरवड़े को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग बालाघाट श्रीमती शकुंतला डामोर ने की है।
👉 एसडीएम के निरीक्षण में मिली अनियमितताएं
अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कटंगी विजय सिंह यादव ने 23 सितंबर को छात्रावास का निरीक्षण किया। इस दौरान छात्रावास में कई अनियमितताएं और अव्यवस्थाएं सामने आईं। निरीक्षण के दौरान प्रभारी अधीक्षक वीरेंद्र कुमार दरवड़े शराब के नशे की अवस्था में छात्रावास में उपस्थित मिले।
👉 मेडिकल रिपोर्ट में शराब सेवन की पुष्टि
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी अधीक्षक का चिकित्सकीय परीक्षण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटंगी में कराया गया। चिकित्सकीय परीक्षण की एमएलआर रिपोर्ट में शराब सेवन और शराब के प्रभाव में होने की पुष्टि की गई।
👉 प्रस्ताव के बाद सहायक आयुक्त ने की कार्रवाई
एसडीएम कटंगी ने 24 सितंबर को चिकित्सकीय रिपोर्ट सहित निलंबन एवं अनुशासनात्मक कार्रवाई का प्रस्ताव सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग को भेजा। प्रस्ताव और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर सहायक आयुक्त श्रीमती शकुंतला डामोर ने मध्यप्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 के नियम 9 के तहत वीरेंद्र कुमार दरवड़े को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय कार्यालय सहायक आयुक्त, जनजातीय कार्य विभाग, बालाघाट रहेगा। उन्हें नियमानुसार पात्रता के अनुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा। निलंबन आदेश तत्काल प्रभावशील है।
