जनसुनवाई में 95 आवेदकों की फरियाद, कलेक्टर ने दिए त्वरित निराकरण के निर्देश।

REPORTER
By -
0
अभयवाणी
प्रहलाद गजभिये जिला संवाददाता बालाघाट
बालाघाट
, 1 सितंबर 2026
प्रत्येक मंगलवार आयोजित होने वाली जनसुनवाई के तहत आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में कलेक्टर श्री कुमार सत्यम की अध्यक्षता में जनसुनवाई आयोजित हुई। जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री तनुश्री मीणा, अपर कलेक्टर श्री डीपी बर्मन, संयुक्त कलेक्टर श्री राहुल नायक, श्री एमआर कोल एवं एसडीएम श्री गोपाल सोनी ने आवेदकों की समस्याएं सुनीं।जनसुनवाई में कुल 95 आवेदकों ने विभिन्न समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। अधिकारियों को प्रकरणों का नियमानुसार एवं समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए गए।
👉      बुदबुदा में आधार केंद्र खोलने की मांग
************************************
वारासिवनी विकासखंड की ग्राम पंचायत बुदबुदा के सरपंच हंसराज कावरे ने गांव में आधार पंजीयन केंद्र खोलने की मांग रखी। उन्होंने बताया कि आसपास की पंचायतों को मिलाकर करीब 65 से 70 हजार की आबादी को आधार संबंधी सेवाओं का लाभ मिल सकेगा। कलेक्टर ने ई-गवर्नेंस के जिला प्रबंधक को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
👉     फसल बीमा की शिकायत का मौके पर समाधान
***********************************
लामता तहसील के ग्राम बसेगांव निवासी किसान राधेश्याम पिता दलवीर साहू ने वर्ष 2025 की प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की राशि नहीं मिलने की शिकायत की। कलेक्टर के निर्देश पर उप संचालक कृषि श्री फूलसिंग मालवीय ने मौके पर पोर्टल पर किसान के आधार नंबर से स्थिति की जांच की। जांच में सामने आया कि अगस्त माह में किसान के बैंक खाते में 26 हजार रुपये की फसल बीमा राशि जमा हो चुकी है।
👉     दिव्यांग प्रमाण-पत्र के नवीनीकरण के निर्देश
***********************************
किरनापुर विकासखंड के ग्राम डूंडासिवनी निवासी श्रुति मेश्राम ने वर्ष 2015 में बने दिव्यांग प्रमाण-पत्र के नवीनीकरण की मांग की। कलेक्टर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी तथा जिला नि:शक्त पुनर्वास केंद्र के प्रभारी को प्रमाण-पत्र का शीघ्र नवीनीकरण कराने के निर्देश दिए।
  👉    आर्थिक सहायता के आवेदनों पर भी सुनवाई
************************************
परसवाड़ा विकासखंड के ग्राम सोनेवानी निवासी लक्ष्मीचंद गौतम ने बीमारी के उपचार एवं बच्चों की पढ़ाई के लिए आर्थिक सहायता मांगी। वारासिवनी निवासी शाहजहां शाह ने कैंसर से पीड़ित पत्नी के उपचार के लिए सहायता का आवेदन दिया। वहीं तिरोड़ी तहसील के ग्राम कोसुम्बा निवासी खुशबू खोबरागड़े ने पढ़ाई जारी रखने के लिए आर्थिक सहायता मांगी। तीनों मामलों में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी तथा उप संचालक सामाजिक न्याय को नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
👉     विभिन्न शिकायतों पर अधिकारियों को कार्रवाई              के   निर्देश
********************************** .
लालबर्रा जनपद की ग्राम पंचायत भांडामुर्री के पूर्व सरपंच घनश्याम बिसेन ने 15वें वित्त आयोग से निर्मित चबूतरे की 99 हजार रुपये की लंबित राशि के भुगतान का मामला रखा। इस पर जनपद पंचायत लालबर्रा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
👉    वारासिवनी के हुड़कीटोला-पिपरिया निवासी पूनम बाई ने पति के चले जाने के बाद बच्चों के पालन-पोषण एवं रोजगार के लिए सहायता मांगी। मामले में महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
👉     कटंगी विकासखंड के ग्राम टेकाड़ी-मथरा के अम्बे आजीविका स्वयं सहायता समूह की अध्यक्ष एवं सचिव ने राशन दुकान संचालन से संबंधित शिकायत प्रस्तुत की। समूह की ओर से आरोप लगाया गया कि समूह की सदस्य के पति द्वारा उनके विरुद्ध शिकायतें कर पद से हटाने का दबाव बनाया जा रहा है। इस मामले में आजीविका मिशन की जिला कार्यक्रम प्रबंधक को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
 👉       बस बीमा एवं ऋण संबंधी शिकायत पर पुलिस को जांच के निर्देश
*****************************************
वसीम रजा ने पत्नी सायना परवीन के नाम से संचालित बस क्रमांक एमपी-09-एफए-6513 के बीमा एवं ऋण किश्त से संबंधित शिकायत प्रस्तुत की। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि नियमित रूप से बीमा कराने के बावजूद वित्तीय कंपनी द्वारा उनकी अनुमति के बिना बीमा कराया गया तथा ऋण की किश्त कटने के बाद भी बाउंसिंग चार्ज एवं बकाया राशि से संबंधित पत्र जारी किए जा रहे हैं। मामले में नगर पुलिस अधीक्षक को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
👉       प्रधानमंत्री आवास और पशुशेड की मांग
***********************************
किरनापुर तहसील के ग्राम खारा निवासी गणेश भैयालाल ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्का आवास स्वीकृत कराने की मांग की। उन्होंने बताया कि परिवार लंबे समय से कच्चे मकान में रह रहा है। मामले में जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
    वहीं लामता तहसील के ग्राम मोरिया निवासी मीरा बाई उराड़े ने निजी मकान के आंगन में पशुशेड बनाने की अनुमति मांगी। उन्होंने बताया कि पुराना पशुशेड 10 अगस्त 2026 को प्रशासनिक अमले द्वारा हटाया गया था। पशुओं के लिए पुनः पशुशेड बनाने की अनुमति देने का अनुरोध किया गया। मामले में एसडीएम बालाघाट को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
  👉      भूमि से अवैध कब्जा हटाने की मांग
***********************************
किरनापुर तहसील के ग्राम पाथरी निवासी गौरीशंकर कोहरे ने खसरा नंबर 117 की भूमि से अवैध कब्जा हटाकर वास्तविक कब्जा दिलाने की मांग की। उन्होंने सीमांकन एवं मौके की जांच कराने का भी अनुरोध किया। कलेक्टर ने किरनापुर तहसीलदार को मामले में आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
   👉          BPL राशन कार्ड के लिए आवेदन
********************************-
ग्राम पेंढरई निवासी टिकेश्वरी सोनी ने गरीबी रेखा के अंतर्गत राशन कार्ड बनवाने की मांग की। उन्होंने बताया कि आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण परिवार को राशन एवं अन्य योजनाओं का लाभ लेने में परेशानी हो रही है। मामले में तहसीलदार बालाघाट को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
 👉      69 तेंदूपत्ता मजदूरों ने मांगी लंबित मजदूरी
तेंदूपत्ता सीजन 2026 में कार्य करने वाले 69 मजदूरों ने लंबित मजदूरी के भुगतान की मांग की। मजदूरों के अनुसार उनकी कुल मजदूरी 10 लाख 46 हजार 751 रुपये बनी थी, जिसमें से 2 लाख 87 हजार रुपये का भुगतान किया गया है। शेष राशि के भुगतान की मांग को लेकर आवेदन प्रस्तुत किया गया। मामले में वन विभाग के अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
     👉      अतिथि शिक्षक ने मांगी पुनः ज्वाइनिंग
**********************************
लांजी तहसील के ग्राम कटंगा निवासी नामाजी सहारे ने अतिथि शिक्षक वर्ग-2, सामान्य विज्ञान के पद पर पुनः ज्वाइनिंग दिलाने की मांग की। उन्होंने बताया कि मेरिट पैनल के आधार पर 27 अगस्त 2026 को ईपीईएस शासकीय हाईस्कूल मोहगांव (जाम) में उनकी ज्वाइनिंग हुई थी। बाद में ज्वाइनिंग निरस्त किए जाने का मामला सामने आया। उन्होंने ज्वाइनिंग एवं उपस्थिति से संबंधित दस्तावेज भी प्रस्तुत किए। कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी को मामले की जांच कर नियमानुसार निराकरण के निर्देश दिए।
      जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर श्री कुमार सत्यम ने सभी आवेदकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक प्रकरण का नियमानुसार एवं समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
       👉    अभयवाणी न्यूज बालाघाट      👈
Tags:

إرسال تعليق

0 تعليقات

إرسال تعليق (0)
6 /related/default