मेरा रेशम मेरा अभिमान 2.0: डोंगरिया में 53 किसानों को मिला वैज्ञानिक रेशम उत्पादन का प्रशिक्षण।

REPORTER
By -
0
अभयवाणी न्यूज
बालाघाट
 केंद्रीय रेशम बोर्ड, वस्त्र मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में संचालित ‘मेरा रेशम मेरा अभिमान 2.0’ अभियान के तहत ग्राम डोंगरिया, विकासखंड खैरलांजी में कृषक प्रशिक्षण एवं क्षेत्रीय प्रदर्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को वैज्ञानिक रेशम उत्पादन तकनीकों की जानकारी देकर रेशम उत्पादन का विस्तार करने के लिए प्रोत्साहित करना रहा।
कार्यक्रम का आयोजन केंद्रीय रेशम बोर्ड, बीएसएमटीसी बालाघाट के वैज्ञानिक-बी नवीन चंद्र रेड्डी एवं एसटीए संतोष कुमार ठाकरे द्वारा रेशम विभाग बालाघाट के समन्वय से किया गया। कार्यक्रम में जिला नोडल अधिकारी सुरेंद्र चिचाम, प्रक्षेत्र अधिकारी विजय नंदनवार, स्थायी कर्मी सुखचंद चौधरी सहित कुल 53 रेशम कृषकों ने सहभागिता की।
 👉      वैज्ञानिक तकनीकों की दी गई जानकारी
प्रशिक्षण के दौरान किसानों को रेशम उत्पादन में वैज्ञानिक तकनीकों के महत्व से अवगत कराया गया। किसानों को रेशमकीट अंडों की ब्लैक बॉक्सिंग, चॉकी पालन गृह के उचित कीटाणुशोधन, चॉकी रिअरिंग केंद्र में आवश्यक तापमान एवं सापेक्ष आर्द्रता बनाए रखने तथा शहतूत पौधों के बीच उचित दूरी रखने की जानकारी दी गई।
इसके साथ ही मोल्टिंग के दौरान बेड डिसइंफेक्शन के महत्व तथा रेशमकीटों को स्वस्थ रखने के लिए आवश्यक सावधानियों पर भी विस्तार से प्रशिक्षण दिया गया। किसानों को शहतूत की खेती एवं रेशमकीट पालन में होने वाले कीट एवं रोगों की पहचान तथा उनके प्रभावी प्रबंधन की तकनीकों से भी अवगत कराया गया।
 👉      उत्पादन और गुणवत्ता बढ़ाने पर जोर
क्षेत्रीय प्रदर्शन एवं किसानों के साथ सीधे संवाद के माध्यम से वैज्ञानिक जानकारी को खेत और पालन केंद्र तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने किसानों को बताया कि वैज्ञानिक तकनीकों को अपनाकर रेशमकीट पालन में होने वाले नुकसान को कम किया जा सकता है तथा उत्पादन, गुणवत्ता और आय में वृद्धि की जा सकती है।
‘मेरा रेशम मेरा अभिमान 2.0’ अभियान के माध्यम से केंद्रीय रेशम बोर्ड द्वारा बालाघाट जिले में तकनीक आधारित रेशम उत्पादन को जमीनी स्तर पर बढ़ावा देने और रेशम कृषकों को सशक्त बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। कार्यक्रम में किसानों को रेशम उत्पादन को टिकाऊ एवं लाभकारी आजीविका के रूप में अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
          👉     अभयवाणी न्यूज      👈
Tags:

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)
6 /related/default