प्रहलाद गजभिये (जिला ब्युरो बालाघाट)
बालाघाट
जिले के लांजी थाना क्षेत्र के ग्राम कुल्पा में शनिवार दोपहर एक सनसनीखेज लूट की वारदात सामने आई। चार बदमाशों ने घर में घुसकर बुजुर्ग दंपति को बंधक बना लिया, उनके साथ मारपीट की और लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण तथा नकदी लूटकर फरार हो गए। घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, दो युवक फ्रिज सुधारने के बहाने घर पहुंचे। कुछ देर बाद उनके चार अन्य साथी मोबाइल टॉवर लगाने की बात कहकर घर में घुस गए। आरोपियों ने पहले खुद को परिचित बताया और फिर बुजुर्ग दंपति को बंधक बना लिया। विरोध करने पर महिला का गला दबाया गया और उसके मुंह में लोहे की रॉड ठूंस दी गई, जबकि बुजुर्ग के साथ भी बेरहमी से मारपीट की गई।
आरोपियों ने घर में रखे लगभग 5 तोला सोना, 1 किलो चांदी के जेवर और करीब डेढ़ लाख रुपये नकद लूट लिए। घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटनास्थल से एक रिवॉल्वर भी बरामद होने की जानकारी सामने आई है, जिसकी जांच की जा रही है।
घटना की सूचना मिलने पर पूर्व विधायक सुश्री हिना कावरे भी पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचीं। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से चर्चा कर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और मामले का जल्द खुलासा करने की मांग की।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस बल, एफएसएल टीम और तकनीकी विशेषज्ञों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है।
गौरतलब है कि लांजी क्षेत्र में एक माह के भीतर यह दूसरी बड़ी लूट की घटना है। इससे पहले 28 जून को सराफा व्यवसायी से भी लाखों रुपये के जेवरों की लूट हुई थी। लगातार हो रही वारदातों से क्षेत्र के लोगों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है।
👉 अभयवाणी समाचार पत्र 👈
