प्रहलाद गजभिये ( जिला ब्युरो बालाघाट)
बालाघाटमहिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत जिले के विभिन्न विद्यालयों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।कलेक्टर श्री मृणाल मीणा एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री देवेन्द्र कुमार सुन्दर्याल के मार्गदर्शन में आयोजित इन कार्यक्रमों में महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, पुलिस विभाग, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण तथा जनप्रतिनिधियों ने सहभागिता कर महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा, उनके अधिकारों तथा नशा मुक्ति के प्रति लोगों को जागरूक किया।
जागरूकता कार्यक्रम विकासखंड बैहर के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परसामहू, ग्राम परसामहू बाजार चौक एवं थाना गढ़ी सहित विकासखंड वारासिवनी के शासकीय हाई स्कूल मेंढकी, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय डोगरमाली तथा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय लड़सड़ा में आयोजित किए गए।
कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग की केस वर्कर श्रीमती यनिता राहंगडाले एवं श्रीमती प्रीति हरिनखेड़े ने विभागीय योजनाओं की जानकारी देते हुए महिला सुरक्षा, बाल अधिकार, बाल संरक्षण सेवाएं, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, महिला हेल्पलाइन 181, वन स्टॉप सेंटर, घरेलू हिंसा से संरक्षण, पॉक्सो अधिनियम तथा बाल विवाह निषेध अधिनियम सहित विभिन्न कानूनी प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने महिलाओं एवं बच्चों को किसी भी प्रकार की हिंसा या उत्पीड़न की स्थिति में उपलब्ध शासकीय सहायता सेवाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।
पुलिस विभाग द्वारा संचालित "नशे से दूरी है जरूरी 2.0" अभियान के तहत श्रीमती ज्योति तिवारी एवं किरण वरकड़े ने युवाओं और ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभाव, इससे बढ़ते अपराध, सामाजिक एवं पारिवारिक समस्याओं तथा स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभावों की जानकारी दी। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों को नशा मुक्ति की शपथ भी दिलाई गई।
स्वास्थ्य विभाग के उमंग सेल की प्रतिनिधि सुश्री रोशनी टेम्भरे ने मानसिक स्वास्थ्य, तनाव प्रबंधन, नशा मुक्ति परामर्श एवं उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी साझा की। वहीं, तहसील विधिक सेवा प्राधिकरण की श्रीमती मनीषा कोहरे ने कानूनी अधिकारों एवं निःशुल्क विधिक सहायता संबंधी जानकारी प्रदान की।
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, पंचायत प्रतिनिधियों, ग्रामीणों तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए महिला सुरक्षा, बाल संरक्षण एवं नशा मुक्त समाज के निर्माण का सामूहिक संकल्प लिया।
अभयवाणी समाचार पत्र
👆👆👆👆👆👆
