मोहगांव खुर्द की इंडेन गैस एजेंसी पर बड़ी कार्रवाई, संचालक गुलाबचंद पारधी के विरुद्ध प्रकरण दर्ज।

REPORTER
By -
0
        प्रहलाद गजभिये( जिला ब्युरो बालाघाट)
बालाघाट
 कलेक्टर श्री मृणाल मीना के निर्देश पर जिले में चलाए जा रहे गैस एजेंसियों के विशेष जांच अभियान के तहत सोमवार, 21 जुलाई 2026 को विकासखंड किरनापुर के ग्राम मोहगांव खुर्द स्थित इंडेन ग्रामीण गैस वितरक एजेंसी पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की। जांच के दौरान गैस सिलेंडरों के स्टॉक में भारी गड़बड़ी, अनधिकृत भंडारण तथा अन्य गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर एजेंसी संचालक गुलाबचंद पारधी के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।जिला आपूर्ति अधिकारी श्री एस.के. भलावी के निर्देशन में गठित जांच दल में सहायक आपूर्ति अधिकारी श्री पी.एस. वलाडी, कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी श्री आकाश श्रीवास्तव तथा कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी किरनापुर शामिल रहे।
जांच में 14.2 किलोग्राम के घरेलू गैस सिलेंडरों के स्टॉक में बड़ा अंतर सामने आया। रिकॉर्ड की तुलना में 68 खाली सिलेंडर अधिक तथा 55 भरे सिलेंडर कम पाए गए। वहीं 5 किलोग्राम के घरेलू सिलेंडरों में 29 खाली और 34 भरे सिलेंडर कम मिले। 19 किलोग्राम के व्यावसायिक सिलेंडरों में 30 खाली सिलेंडर कम तथा 23 भरे सिलेंडर अधिक पाए गए। इसके अलावा 5 किलोग्राम एफटीएल गैस सिलेंडरों में 5 सिलेंडर कम तथा 10 किलोग्राम एक्स्ट्रालाइट के 2 खाली सिलेंडर अधिक मिले।
जांच दल ने यह भी पाया कि एजेंसी संचालक द्वारा अधिकृत गोदाम के अतिरिक्त राइस मिल परिसर से लगी दुकान के एक कक्ष में अवैध रूप से गैस सिलेंडरों का भंडारण किया जा रहा था। यहां 14.2 किलोग्राम के 83 भरे और 19 खाली घरेलू गैस सिलेंडर तथा 5 किलोग्राम के 5 खाली सिलेंडर रखे हुए मिले।
प्रथम दृष्टया जांच में गैस वितरण एवं प्रदाय में अनियमितता, स्टॉक का नियमित संधारण नहीं करना तथा अनधिकृत स्थान पर गैस सिलेंडरों का भंडारण करना द्रवीकृत पेट्रोलियम गैस (प्रदाय एवं वितरण विनियमन) आदेश, 2000 का उल्लंघन पाया गया। इसके आधार पर आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 की धारा 3/7 के तहत दंडनीय अपराध मानते हुए मौके पर पंचनामा, जब्ती एवं सुपुर्दगी की कार्रवाई की गई।
प्रशासन ने इस मामले में इंडेन गैस एजेंसी के प्रोपराइटर गुलाबचंद पारधी तथा मौके पर उपस्थित उनके भाई सालिगराम पारधी के विरुद्ध नियमानुसार प्रकरण पंजीबद्ध कर आगे की वैधानिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।
      👉           अभयवाणी समाचार पत्र बालाघाट
Tags:

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

6 /related/default