प्रहलाद गजभिये (जिला ब्युरो बालाघाट)
बालाघाट जिले के बहुचर्चित लगभग 500 करोड़ रुपये के निवेश ठगी मामले में बालाघाट पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने इस मामले के मुख्य आरोपी एवं कथित मास्टरमाइंड सोमेंद्र कांकराने को उत्तराखंड के हरिद्वार से गिरफ्तार किया है। उसके साथ सात अन्य आरोपियों को भी हिरासत में लिया गया है। इस मामले में जिले के विभिन्न थानों में दर्ज 63 से अधिक एफआईआर से जुड़े हजारों निवेशकों के प्रभावित होने की बात सामने आई है।
पुलिस के अनुसार आरोपी लोगों को कम समय में निवेश की राशि दोगुनी करने का लालच देकर करोड़ों रुपये का निवेश करवाते थे। कुछ समय तक निवेशकों को भुगतान कर उनका विश्वास जीतने के बाद पूरे नेटवर्क को बंद कर आरोपी फरार हो गए।
जांच में खुलासा हुआ कि पहली गिरफ्तारी के बाद जमानत मिलने पर मुख्य आरोपी हरिद्वार पहुंच गया था, जहां उसने साधु का वेश धारण कर धार्मिक स्थलों पर रहकर अपनी पहचान छिपा रखी थी। पुलिस ने उसकी करोड़ों रुपये की संपत्तियों को भी चिन्हित कर कार्रवाई शुरू कर दी है तथा कई जमीनों की रजिस्ट्री पर रोक लगा दी गई है।
पुलिस को टेलीग्राम चैट के माध्यम से महत्वपूर्ण सुराग मिले। रणनीति के तहत तकनीकी निगरानी और लोकेशन ट्रैकिंग के आधार पर विशेष टीम हरिद्वार पहुंची और योजनाबद्ध कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सहित सात लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
प्रारंभिक जांच में इस गिरोह का नेटवर्क मध्यप्रदेश के अलावा महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ तक फैला होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस आरोपियों के बैंक खातों, मोबाइल रिकॉर्ड, वित्तीय लेन-देन और संपत्तियों की गहन जांच कर रही है।
एसपी आदित्य मिश्रा ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ जारी है और इससे कई बड़े खुलासे होने की संभावना है। पुलिस सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर रिमांड लेने की तैयारी कर रही है, ताकि पूरे निवेश ठगी नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके।
👇👇
अभयवाणी न्यूज बालाघाट( समाचार पत्र )
