प्रहलाद गजभिये ( जिला ब्युरो बालाघाट)
बालाघाट महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित वन स्टॉप सेंटर में एस.एम. देव होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल, सरदार पटेल कैंपस के बीएचएमएस द्वितीय वर्ष के विद्यार्थियों का शैक्षणिक भ्रमण आयोजित किया गया। यह भ्रमण फॉरेंसिक मेडिसिन एवं टॉक्सिकोलॉजी विषय के व्यावहारिक अध्ययन के उद्देश्य से कराया गया।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को वन स्टॉप सेंटर की कार्यप्रणाली, कार्यालयीन प्रक्रिया तथा हिंसा से पीड़ित महिलाओं को उपलब्ध कराई जाने वाली समेकित सहायता सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। उन्हें मनोवैज्ञानिक परामर्श, कानूनी सहायता, चिकित्सकीय सेवाएं, पुलिस समन्वय तथा अस्थायी आश्रय जैसी सुविधाओं से भी अवगत कराया गया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों को महिला एवं बाल विकास विभाग की विभिन्न सेवाओं, जैसे वन स्टॉप सेंटर, महिला हेल्पलाइन-181 तथा जिला हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वूमेन (DHEW) की भूमिका, उद्देश्य और महिलाओं के सशक्तिकरण में उनके योगदान की जानकारी प्रदान की गई।
विद्यार्थियों को यह भी बताया गया कि किसी पीड़ित महिला का प्रकरण प्राप्त होने से लेकर पंजीयन, आवश्यक सेवाओं से जोड़ने, परामर्श, संबंधित विभागों के साथ समन्वय और फॉलो-अप तक की पूरी प्रक्रिया किस प्रकार संचालित की जाती है। साथ ही वन स्टॉप सेंटर की वास्तविक कार्यप्रणाली से जुड़े विभिन्न पहलुओं को विस्तार से समझाया गया।
शैक्षणिक भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने महिला सुरक्षा, घरेलू हिंसा, लैंगिक अपराधों, पीड़ित सहायता तंत्र तथा वन स्टॉप सेंटर की कार्यप्रणाली से जुड़े अनेक प्रश्न पूछे, जिनका विशेषज्ञों द्वारा विस्तारपूर्वक समाधान किया गया।
इस भ्रमण से विद्यार्थियों को विषय की व्यावहारिक समझ विकसित करने के साथ-साथ महिला सुरक्षा एवं सहायता तंत्र को निकट से जानने का अवसर प्राप्त हुआ।
अभयवाणी समाचार पत्र
👆👆👆👆👆👆👆
