कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना के निर्देशानुसार जिले में विद्यार्थियों की सुरक्षित एवं व्यवस्थित आवाजाही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से स्कूल वाहनों की सघन जांच अभियान लगातार जारी है। अभियान के तहत 21 एवं 22 जुलाई 2026 को अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी अभिषेक गड़पाल के नेतृत्व में 21 स्कूलों की 22 बसों का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान स्कूल संचालकों को सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों तथा परिवहन विभाग के नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सभी आवश्यक दस्तावेज अद्यतन रखने और विद्यार्थियों की सुरक्षा संबंधी सभी मानकों का पालन सुनिश्चित करने को कहा गया।
जांच के दौरान दो स्कूल वाहनों में गंभीर अनियमितताएं पाई गईं। एक वाहन (HR56 B2113) का पंजीयन नियमानुसार नहीं था, जबकि दूसरे वाहन (MP20 GP0135) का संचालन बिना वैध बीमा, फिटनेस एवं प्रदूषण प्रमाण-पत्र (PUC) के किया जा रहा था। दोनों वाहनों को जब्त कर थाना बरघाट एवं लखनादौन में सुरक्षित खड़ा कराया गया।
इसके अलावा अन्य दो स्कूल वाहनों में भी अनियमितताएं मिलने पर चालकों से नियमानुसार कार्रवाई करते हुए कुल ₹4,000 का समन शुल्क वसूला गया। वहीं स्कूल वाहन क्रमांक CG27F0133 का पंजीयन नियमों के अनुरूप नहीं मिलने तथा CG22B6753 के बिना वैध परमिट संचालित पाए जाने पर दोनों मामलों में ₹5,000 का समन शुल्क वसूला गया।
इस प्रकार अभियान के दौरान कुल तीन प्रकरणों में ₹9,000 का समन शुल्क वसूला गया। परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिन स्कूल वाहनों में पंजीयन, परमिट, फिटनेस, बीमा, प्रदूषण प्रमाण-पत्र अथवा अन्य आवश्यक दस्तावेजों की कमी पाई जाएगी, उनके विरुद्ध मोटरयान अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों ने बताया कि विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए स्कूल वाहनों एवं संचालकों के विरुद्ध यह विशेष जांच अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
अभयवाणी समाचार पत्र
👆👆👆👆👆👆
