मानदेय भुगतान में देरी से रोजगार सहायकों में नाराजगी, सामूहिक अवकाश की चेतावनी I 04 जून से कार्य बहिष्कार और सामूहिक अवकाश पर जाने का निर्णय I

सिवनी
जनपद पंचायत धनौराके ग्राम रोजगार सहायकों में लंबे समय से लंबित मानदेय भुगतान को लेकर भारी नाराजगी व्याप्त है। ग्राम रोजगार सहायक-सहायक सचिव संघ द्वारा मुख्य कार्यपालन अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर चेतावनी दी गई है कि यदि बकाया मानदेय का शीघ्र भुगतान नहीं किया गया तो 04 जून 2026 से सभी रोजगार सहायक सामूहिक अवकाश पर चले जाएंगे । तथा पंचायत संबंधी कार्यों का बहिष्कार करेंगे।
संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि रोजगार सहायकों को कई महीनों से नियमित मानदेय नहीं मिल रहा है, जिससे उनके सामने आर्थिक संकट की स्थिति उत्पन्न हो गई है। परिवार के भरण-पोषण, बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य आवश्यक खर्चों को पूरा करना कठिन हो रहा है। बार-बार मांग उठाने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने से रोजगार सहायकों में असंतोष बढ़ता जा रहा है।
ज्ञापन में कहा गया है कि रोजगार सहायकों द्वारा मनरेगा सहित पंचायतों के विभिन्न विकास कार्यों का संचालन किया जाता है, लेकिन समय पर मानदेय नहीं मिलने से उनका मनोबल प्रभावित हो रहा है। यदि प्रशासन द्वारा शीघ्र भुगतान सुनिश्चित नहीं किया गया तो 04 जून से सामूहिक अवकाश पर जाकर सभी पंचायत कार्यों का बहिष्कार किया जाएगा, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
रोजगार सहायकों का कहना है कि वे लंबे समय से अपनी मांगों को शांतिपूर्ण तरीके से उठा रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। ऐसे में संगठन ने आंदोलनात्मक रुख अपनाने का निर्णय लिया है। सामूहिक अवकाश की स्थिति में मनरेगा सहित पंचायतों के अनेक कार्य प्रभावित हो सकते हैं।
रोजगार सहायकों ने प्रशासन से मांग की है कि लंबित मानदेय का तत्काल भुगतान कर उनकी समस्याओं का निराकरण किया जाए, ताकि पंचायतों के विकास कार्य सुचारू रूप से संचालित होते रहें।
        ✍🏻

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Copyright (c) 2020 abhaywani All Right Reseved